
बुधवार को श्रावस्ती पहुंचकर वोट मांगेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
पीएम बनने के बाद पहली बार श्रावस्ती आ रहे हैं मोदी
योगी, केशव व स्वत्रंतदेव भी रहेंगे साथ
भाजपा नेता श्याम करन टेकड़ीवाल ने बताया 2 लाख से ज्यादा लोगों के आने की संभावना
श्रावस्ती लोकसभा के भाजपा प्रत्याशी साकेत मिश्र व गैसड़ी विधानसभा उपचुनाव उम्मीदवार शैलेंद्र सिंह शैलू के लिए मांगेंगे समर्थन
तेजस भारत समाचार
अर्चना सिंह
लखनऊ 21 मई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को श्रावस्ती में आयोजित एक चुनावी रैली को संबोधित करेंगे।
पीएम मोदी दोपहर 2 बजकर 20 मिनट पर श्रावस्ती एयरपोर्ट पहुंचकर एयरपोर्ट के सामने कटरा मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे।
उक्त जानकारी देते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता श्यामकरन टेकड़ीवाल ने तेजस भारत को बताया कि 22 मई 1997 को श्रावस्ती जिले का गठन हुआ था। बुधवार को जिला गठन की 27वीं वर्षगांठ है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी जी पहली बार श्रावस्ती आ रहे हैं। यहां के लोग प्रथम बार उन्हें रूबरू देखने को लालायित हैं।
यहां वो श्रावस्ती लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी साकेत मिश्र व गैसड़ी विधानसभा के हो रहे उपचुनाव में पार्टी के उम्मीदवार शैलेंद्र सिंह शैलू के समर्थन में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे।
भाजपा नेता ने बताया कि भगवान श्री गौतमबुद्ध व भगवान संभवनाथ की तपोस्थली होने के कारण यह स्थान पूरे देश व विश्व भर में मानवता व शांति का संदेश देने वाला स्थान माना जाता है।
टेकड़ीवाल ने बताया कि रैली में मोदी जी के अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, कैबिनेट मंत्री स्वत्रंतदेव सिंह सहित तमाम वरिष्ठ भाजपा नेता पहुंचेंगे।
रैली प्रभारी बृज बहादुर सिंह, यूपी के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, मंत्री नितिन अग्रवाल, सांसद रेखा वर्मा के साथ विधायक गण राम फेरन पांडेय, पलटू राम, कैलाश शुक्ला व शैलेंद्र सिंह शैलू आदि रैली की तैयारियों के लिए पहले से मौजूद हैं। रैली में करीब दो लाख लोग आएंगे।
बहराइच भाजपा उपाध्यक्ष श्रवण शुक्ल ने बताया कि बहराइच का विभाजन कर 1997 में श्रावस्ती जिले का गठन हुआ था। जिला गठन के कई साल तक यहां कुछ खास विकास नहीं हुआ। 2014 में केंद्र में भाजपा सरकार व 2017 में योगी जी के मुख्यमंत्री बनने पर यहां विकास की तमाम योजनाएं शुरू हुईं। इस समय यहां अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट तक बनकर हवाई यातायात आरंभ हो गया है। नरेंद्र मोदी 2014 में प्रधानमंत्री बने। पीएम बनने के बाद पहली बार उनका श्रावस्ती आगमन हो रहा है।
शुक्ल ने बताया कि रैली के लिए सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। दो से ढाई लाख क्षमता वाले रैली स्थल पर जर्मन हैंगर व बड़ा पंडाल लगाया गया है। भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों के लिए पीने के पानी का बंदोबस्त किया गया है।
बता दें कि देवीपाटन मंडल में आने वाली चार में से तीन सीटों पर चुनाव हो चुका है। एकमात्र बची हुई श्रावस्ती सीट पर 25 मई को मतदान होगा। यहां पीएम मोदी के करीबी पूर्व आइएएस व अयोध्या में राम मंदिर समिति अध्यक्ष नृपेन्द्र मिश्र के पुत्र साकेत मिश्र भाजपा की ओर से प्रत्याशी हैं। लोगों के अनुसार पार्टी के लिए यह सीट प्रतिष्ठा का सवाल बनी हुई है। इसी लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत गैसड़ी विधानसभा सीट सपा विधायक एस.पी. यादव के निधन से खाली हो गई थी। इस विधान सभा सीट पर भी 25 मई को उपचुनाव है।



