
भारत-नेपाल सीमा पर रेड अलर्ट जारी*
तेजस भारत समाचार
नानपारा/बहराइच | दिल्ली में हुए धमाके के बाद भारत-नेपाल सीमा पर रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और रेलवे स्टेशनों तथा बस अड्डों पर पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है। सीमा से सटी पगडंडियों पर भी सुरक्षाकर्मियों की पैनी नजर है और खुली सीमा पर निगरानी तेज कर दी गई है।

देश की राजधानी दिल्ली के लाल किले के पास कार में हुए बम धमाके के मद्देनजर जनपद बहराइच की पुलिस हाई अलर्ट पर आ गई है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए जिले में ताबड़तोड़ चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है।
नानपारा सर्कल के पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रद्युम्न सिंह ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर रुपईडीहा बॉर्डर पर सघन अभियान चलाया गया। इस अभियान में सीमा सुरक्षा बल और सिविल पुलिस बल ने मिलकर नेपाल सीमा से आने-जाने वाले लोगों और वाहनों की गहनता से जांच की। इसका उद्देश्य किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन को देश के अंदर या बाहर जाने से रोकना है।

इस दौरान सीओ नानपारा ने स्वयं एक-एक गाड़ी को रोककर बारीकी से जांच-पड़ताल की। चेकिंग अभियान के कारण बॉर्डर पर आने-जाने वालों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस और सीमा सुरक्षा बल के अधिकारी सीमा पर पूरी तत्परता से जांच में जुटे हुए हैं और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए मुस्तैदी से काम कर रहे हैं।



