
ट्रक ने युवक क़ो रौंदा,, एक घायल*
नानपारा/बहराइच | थाना अंतर्गत मथुरा पुल के पास बालू से लदे एक ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना में दिनेश गौतम की मौत हो गई, जबकि इंद्रजीत गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल इंद्रजीत को नानपारा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
मृतक की पहचान थाना मटेरा के गौरा धनौली निवासी दिनेश गौतम पुत्र गुरु प्रसाद के रूप में हुई है। वह अपने भाई इंद्रजीत के साथ शाम करीब 6 बजे नवाबगंज जा रहे थे। मथुरा पुल के पास ट्रक और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर हो गई।
मृतक दिनेश गौतम पंजाब के अंबाला स्थित एक गुरुद्वारे में मजदूरी करते थे। वह अपने घर में सबसे बड़े थे और परिवार की जिम्मेदारियां उन्हीं पर थीं। उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका था। परिवार में उनकी मां और छोटे भाई-बहन इंद्रजीत (17 वर्ष), सुगरी (12 वर्ष) और गीता (25 वर्ष) हैं।
कस्बा चौकी इंचार्ज पूर्णेश नारायण पांडे ने बताया कि सूचना मिलते ही घायल को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानपारा लाया गया, जहां से उन्हें बहराइच रेफर कर दिया गया है। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।



