
गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर, वन विभाग ने लगाए पिंजड़े*
तेजस भारत समाचार
नानपारा/बहराइच | जिले के खैरीघाट थाना क्षेत्र के एकघरा ग्राम पंचायत के बाजपुरवा गांव में गुरुवार शाम एक तेंदुए ने सात वर्षीय बच्ची पर हमला कर दिया। हमले में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर किया गया है।
यह घटना शाम करीब 5 बजे हुई जब आफरीन पुत्री तसव्वर अपने घर के द्वार पर खेल रही थी। तेंदुए के अचानक हमले के बाद बच्ची की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और शोर मचाया। लोगों के हस्तक्षेप से बच्ची की जान बच गई।
घायल बच्ची को तुरंत सीएचसी शिवपुर ले जाया गया। डॉ. विकास सिंह ने बताया कि आफरीन को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए उसे मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया। परिजनों ने घटना की सूचना वन विभाग को दी है।
इस संबंध में डीएफओ ने बताया कि जंगली जानवर द्वारा एक बच्ची पर हमला करने की सूचना मिली है। वन विभाग की टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया है। जानवर को पकड़ने के लिए दो पिंजड़े भी लगाए गए हैं। डीएफओ के अनुसार, उस क्षेत्र में एक या दो तेंदुए होने की आशंका है, जिन्हें जल्द से जल्द पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।





