शेयर बाजार में हाहाकार के बाद चमत्कार: क्रैश होने के बाद गजब की पलटी, डे-लो से 1100 अंक उछलकर बंद हुआ सेंसेक्स

शेयर बाजार में हाहाकार के बाद चमत्कार: क्रैश होने के बाद गजब की पलटी, डे-लो से 1100 अंक उछलकर बंद हुआ सेंसेक्स

भारतीय शेयर बाजार के लिए सप्ताह का पहला दिन किसी रोलर-कोस्टर राइड से कम नहीं रहा। सोमवार को शुरुआती कारोबार में जोरदार क्रैश होने के बाद बाजार ने आखिरी घंटों में कमाल की रिकवरी दिखाई और शानदार पलटी मारते हुए हरे निशान पर बंद होने में कामयाबी हासिल की। आज सेंसेक्स दिन के अपने न्यूनतम स्तर से करीब 1100 अंकों की जबर्दस्त बढ़त बनाने में सफल रहा।

सोमवार को 30 संवेदी सूचकांक वाला बीएसई (BSE) सेंसेक्स 0.10 फीसदी या 77 अंकों की मामूली उछाल के साथ 75,315.04 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, दूसरी ओर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी भी दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद 0.03 प्रतिशत यानी 6.45 अंकों की मामूली तेजी के साथ 23,649.95 के स्तर पर क्लोज हुआ।

शुरुआती मिनटों में डूबे निवेशकों के 5 लाख करोड़, बाजार में आया भूचाल

आज सुबह बाजार की शुरुआत बेहद निराशाजनक और डरावनी रही। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया 96.17 रुपये के नए रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया, जिसने बाजार का मूड बिगाड़ दिया। बीएसई सेंसेक्स सुबह 430 अंकों के नुकसान के साथ 74,807 पर खुला, जबकि निफ्टी 161 अंकों का गोता लगाकर 23,482 के लेवल पर ओपन हुआ। देखते ही देखते बाजार में भूचाल आ गया और शुरुआती मिनटों में ही बीएसई पर निवेशकों के करीब 5 लाख करोड़ रुपये स्वाहा हो गए।

सुबह 9:54 बजे लगा बड़ा झटका, 1027 अंक टूटकर क्रैश हुआ सेंसेक्स

जैसे-जैसे ट्रेडिंग आगे बढ़ी, बिकवाली का दबाव इतना बढ़ गया कि सुबह 10 बजे से पहले ही बाजार पूरी तरह क्रैश हो गया। सेंसेक्स एक समय 1027 अंक टूटकर 74,210 के स्तर पर आ गया, जबकि निफ्टी 261 अंक नीचे गिरकर 23,381 के स्तर पर पहुंच गया। इस भारी गिरावट के चलते महज एक घंटे के भीतर निवेशकों को करीब 8 लाख करोड़ रुपये का भारी नुकसान झेलना पड़ा। शुरुआती कारोबार में टाटा स्टील में 5% और पावर ग्रिड में 4.30% की बड़ी गिरावट दर्ज की गई।

दोपहर बाद लौटी रौनक, निचले स्तर से 1100 अंकों की धमाकेदार रिकवरी

लंच के बाद बाजार ने अप्रत्याशित रूप से अपनी चाल बदली और निचले स्तरों पर चौतरफा खरीदारी शुरू हो गई। दोपहर 1:05 बजे तक शेयर मार्केट सुबह की अपनी सारी गिरावट को पाटकर हरे निशान पर आ चुका था। सेंसेक्स अपने दिन के निचले स्तर 74,180 से सुधरकर 75,347 तक पहुंचने में कामयाब रहा, जो कि निचले स्तर से करीब 1100 अंकों से ज्यादा की रिकवरी है। इसी तरह निफ्टी भी 23,317 के लो-लेवल से उठकर 23,661 के डे-हाई को टच करने में कामयाब रहा।

सेंसेक्स की टॉप 30 कंपनियों में से आज 16 शेयर बढ़त के साथ और 14 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। तेजी वाले मुख्य शेयरों में टेक महिंद्रा, इंफोसिस, भारती एयरटेल, बजाज फिनसर्व, सनफार्मा और एचसीएल टेक शामिल रहे। दूसरी तरफ टाटा स्टील, पावरग्रिड, एनटीपीसी और एसबीआई के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध के तनाव ने बिगाड़ा था ग्लोबल मूड

बाजार में आज सुबह की इस बड़ी गिरावट के पीछे मुख्य वजह वैश्विक बाजारों से मिल रहे बेहद कमजोर संकेत और बढ़ता जियो-पॉलिटिकल टेंशन था। मिडिल ईस्ट में ईरान और अमेरिका के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। यूएई (UAE) में एक न्यूक्लियर प्लांट पर ड्रोन हमले के बाद आग लग गई, जिसके बाद सऊदी अरब ने तीन ड्रोन मार गिराए। अमेरिकी राष्ट्रपति की ओर से ईरान को दी गई कड़ी चेतावनी के बाद पूरे मिडिल ईस्ट में अस्थिरता का माहौल है, जिसका असर शुक्रवार को अमेरिकी बाजारों पर भी दिखा, जहां डॉऊ जोन्स 537 अंक टूटकर बंद हुआ था। सोमवार सुबह एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई और दक्षिण कोरिया का कोस्पी भी 1% से ज्यादा की गिरावट के साथ खुले थे।

कच्चे तेल की कीमतों में लगी आग, ब्रेंट क्रूड 111 डॉलर के पार

युद्ध के इस बढ़ते तनाव की वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भयंकर आग लग गई है। ब्रेंट क्रूड का भाव 2.33% की तेजी के साथ 111.81 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है, जबकि WTI क्रूड भी 2.79% की उछाल के साथ 108.36 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है। तेल महंगा होने से भारत जैसी आयात पर निर्भर अर्थव्यवस्था पर दबाव काफी ज्यादा बढ़ जाता है। हालांकि, कच्चे तेल में तेजी के बावजूद आज सराफा बाजार में गिरावट देखी गई; स्पॉट गोल्ड 1.1% गिरकर 4,488.99 डॉलर प्रति औंस और चांदी 2.2% टूटकर 74.30 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।

क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स: आगे कैसा रहेगा निफ्टी और सेंसेक्स का हाल?

कोटक Securities के टेक्निकल रिसर्च वाइस प्रेसीडेंट अमोल अठावले के मुताबिक, अगर सेंसेक्स आने वाले दिनों में 75,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर के ऊपर टिका रहता है, तो बाजार में तेजी दोबारा लौट सकती है। 75,800 का स्तर पार होने पर यह 77,000 से 77,300 तक जा सकता है। वहीं, नीचे की तरफ 75,000 टूटने पर 74,000 तक की गिरावट संभव है।

दूसरी तरफ, एचडीएफसी Securities के सीनियर टेक्निकल रिसर्च एनालिस्ट नागराज शेट्टी के अनुसार, निफ्टी 50 के लिए इस समय 23,250 का स्तर एक बेहद मजबूत सपोर्ट का काम कर रहा है। अगर यह सपोर्ट लेवल टूटता है, तो निफ्टी सीधे 23,000 तक फिसल सकता है। बाजार में बुल्स की मजबूत वापसी तभी मानी जाएगी जब निफ्टी 24,000 के ऊपर बंद होने में कामयाब होगा।

Tags: