एक सितंबर से महंगा पड़ेगा ऑटो-टैक्सी का सफर, जानिए कितना बढ़ा किराया

एक सितंबर से महंगा पड़ेगा ऑटो-टैक्सी का सफर, जानिए कितना बढ़ा किराया

मुंबई महानगर में रोजाना सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। मुंबई महानगर परिवहन प्राधिकरण (MMRTA) ने सीएनजी चालित काली-पीली टैक्सियों और ऑटो रिक्शा के किराए में बढ़ोतरी को हरी झंडी दे दी है। यह नई संशोधित दरें 1 सितंबर 2026 से पूरे मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में प्रभावी रूप से लागू हो जाएंगी।

खटुआ पैनल के फॉर्मूले पर आधारित नया किराया संशोधन

महाराष्ट्र के परिवहन सचिव की अध्यक्षता वाले प्राधिकरण ने यह फैसला चार सदस्यीय खटुआ समिति द्वारा तय किए गए वैज्ञानिक फॉर्मूले के तहत लिया है। आरटीओ अधिकारियों के अनुसार, काली-पीली टैक्सियों के बेस फेयर में 2 रुपये और ऑटो रिक्शा के न्यूनतम किराए में 1 रुपये का इजाफा किया गया है।

अब कितना लगेगा किराया? समझें पूरा गणित

सफर के दौरान यात्रियों को अब जेब कुछ ज्यादा ढीली करनी पड़ेगी। नए ढांचे के अनुसार दरें इस तरह होंगी:

  • काली-पीली टैक्सी: पहले 1.5 किलोमीटर का न्यूनतम किराया अब 31 रुपये की जगह 33 रुपये होगा। इसके बाद प्रति किलोमीटर की दर 20.66 रुपये से बढ़ाकर 21.90 रुपये कर दी गई है।

  • ऑटो रिक्शा: शुरुआती 1.5 किलोमीटर का बेस फेयर 26 रुपये से बढ़कर 27 रुपये हो गया है। इसके बाद का सफर 17.14 रुपये की जगह 18.22 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से तय होगा।

मीटर अपडेट होने तक लागू रहेगा टैरिफ कार्ड

परिवहन विभाग के मुताबिक, मुंबई में लाखों मीटरों को एक साथ री-कैलिब्रेट करना संभव नहीं है। इसलिए 1 सितंबर से 30 नवंबर तक मीटर री-कैलिब्रेशन की समयसीमा तय की गई है। इस बदलाव के दौरान जब तक वाहनों के मीटर अपडेट नहीं होते, तब तक चालक यात्रियों से आरटीओ द्वारा जारी आधिकारिक टैरिफ कार्ड दिखाकर ही नया किराया वसूल सकेंगे। निर्धारित समय में मीटर अपडेट न कराने वाले चालकों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Tags: