पैसे वालों की सोसाइटी में मात्र 31 लाख में खरीदें फ्लैट्स, जानिए पूरी डिटेल
दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने द्वारका सेक्टर-19बी स्थित अपने बेहद चर्चित और आलीशान प्रीमियम अपार्टमेंट प्रोजेक्ट में कम्युनिटी सर्विस पर्सनल (CSP) हाउसिंग स्कीम के दूसरे चरण का बिगुल फूंक दिया है। इस स्कीम के तहत डीडीए ने 39 इकोनॉमिकली वीकर सेक्शन (EWS) फ्लैट्स को बाजार में उतारा है, जिन्हें मुख्य रूप से सर्विस स्टाफ क्वार्टर की तर्ज पर इस्तेमाल किया जा सकेगा।
द्वारका ईडब्ल्यूएस फ्लैट्स के लिए कौन है योग्य?
डीडीए के नियमों के मुताबिक, इन फ्लैट्स को हर कोई नहीं खरीद सकता। इस स्कीम का लाभ केवल वही लोग उठा सकते हैं जिन्होंने इसी द्वारका सेक्टर-19बी प्रोजेक्ट में पहले से एचआईजी (HIG), सुपर एचआईजी या पेंटहाउस खरीदे हुए हैं। इसके साथ ही एक शर्त यह भी है कि आवेदक ने पूर्व में सीएसपी स्कीम के तहत कोई दूसरा फ्लैट न लिया हो। हालांकि, एक खरीदार कई फ्लैट्स के लिए अपनी किस्मत आजमा सकता है, लेकिन अंतिम रूप से एक आवेदक को केवल एक ही फ्लैट आवंटित किया जाएगा।
रजिस्ट्रेशन और ई-ऑक्शन की तारीखें नोट कर लें
अगर आप इस स्कीम का हिस्सा बनना चाहते हैं, तो इसकी समयसीमा का विशेष ध्यान रखें। इन प्रीमियम सर्विस स्टाफ फ्लैट्स के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 15 जुलाई को सुबह 11:00 बजे से लाइव हो जाएगी। इच्छुक खरीदारों के पास आवेदन करने के लिए 12 अगस्त की शाम 6:00 बजे तक का समय रहेगा। इसके बाद, आवंटन के लिए ई-ऑक्शन (ऑनलाइन नीलामी) की प्रक्रिया 21 अगस्त को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे के बीच आयोजित की जाएगी।
कीमत और मेंटेनेंस का पूरा गणित
एम-टावर (M Tower) में स्थित इन सभी 39 फ्लैट्स का रिजर्व प्राइस 31.28 लाख रुपये तय किया गया है। इसके अलावा, आवंटन के बाद खरीदारों को मेंटेनेंस कॉर्पस फंड के रूप में 75,000 रुपये की एकमुश्त राशि जमा करनी होगी। साथ ही, एक साल के मंथली मेंटेनेंस चार्ज के तौर पर 1.50 रुपये प्रति स्क्वायर फीट की दर से भुगतान करना होगा। दिल्ली में इस तरह से प्रीमियम अपार्टमेंट के भीतर ही सर्विस स्टाफ क्वार्टर आवंटित करने का यह डीडीए का पहला अनूठा प्रयोग है।