यश की फिल्म 'टॉक्सिक' को मिली सख्त 18+ रेटिंग, रणवीर सिंह की धुरंधर को भी पछाड़ा
साउथ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित और मचअवेटेड फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' रिलीज से पहले ही एक बड़े कारण से सुर्खियों में आ गई है। ब्रिटिश बोर्ड ऑफ फिल्म क्लासिफिकेशन (BBFC) ने इस फिल्म को यूके (ब्रिटेन) में आधिकारिक प्रमाणन दे दिया है। फिल्म में दिखाए गए भारी एक्शन, हिंसा और चोट के विस्तृत दृश्यों के कारण इसे सख्त 18+ रेटिंग दी गई है, जिससे यह साफ हो गया है कि यह फिल्म केवल वयस्कों के लिए ही है।
बीबीएफसी की रिपोर्ट में हिंसा और डरावने दृश्यों का खुलासा
ब्रिटिश बोर्ड ऑफ फिल्म क्लासिफिकेशन की आधिकारिक सूची के अनुसार, 'टॉक्सिक' को हिंसा, यौन दृश्यों और चोट के विवरण के मामले में सबसे उच्चतम 5/5 रेटिंग मिली है। इसके अलावा धमकी, आतंक, अभद्र भाषा, ड्रग्स और आत्महानि जैसे विषयों को 4/5 रेटिंग दी गई है। बीबीएफसी की रिपोर्ट में इस बात का भी जिक्र किया गया है कि फिल्म में कई विचलित करने वाले दृश्य हैं, जिनमें हिंसक संघर्ष के बाद शव, कटे हुए अंग, खून से लथपथ घाव और भयावह तस्वीरें शामिल हैं। ब्रिटेन में इस फिल्म की कुल अवधि 191 मिनट और 41 सेकंड तय की गई है।
रणवीर सिंह की 'धुरंधर' से हो रही है तुलना
जैसे ही यूके की रेटिंग सामने आई, फैंस ने इसकी तुलना रणवीर सिंह और आदित्य धर की चर्चित फिल्म 'धुरंधर' और उसके सीक्वल 'धुरंधर 2' से करनी शुरू कर दी है। उन फिल्मों को भी ब्रिटेन में 18+ सर्टिफिकेट मिला था। हालांकि, 'टॉक्सिक' के डार्क और इंटेंस सीन्स को देखते हुए इसे लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता और अधिक बढ़ गई है। फिल्म 26 अगस्त को सिनेमाघरों में धमाल मचाने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
गोवा के अंडरवर्ल्ड की कहानी पर आधारित है फिल्म
गीतु मोहनदास द्वारा निर्देशित इस फिल्म की कहानी राया नाम के किरदार के इर्द-गिर्द घूमती है, जो पुर्तगाली शासन के पतन के बाद गोवा के अंडरवर्ल्ड पर अपना कब्जा जमाने के लिए खूनी संघर्ष और विश्वासघात का रास्ता चुनता है। इस फिल्म में यश डबल रोल (राया और टिकट) में नजर आने वाले हैं। उनके अलावा फिल्म में कियारा आडवाणी, नयनतारा, तारा सुतारिया, हुमा कुरैशी और रुक्मिणी वसंत जैसी दिग्गज अभिनेत्रियां मुख्य भूमिकाओं में हैं। केवीएन प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के बैनर तले बनी इस फिल्म का संगीत रवि बस्रूर ने तैयार किया है।