दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में सभी भारत के! UP के 3 जिलों में पारा 46°C के पार, जानें कब थमेगा आसमानी आग का ये कहर

दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में सभी भारत के! UP के 3 जिलों में पारा 46°C के पार, जानें कब थमेगा आसमानी आग का ये कहर

उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में इस समय कुदरत का खतरनाक रूप देखने को मिल रहा है। आसमान से बरसती आग ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। हालात इस कदर बिगड़ चुके हैं कि अब भारत ने गर्मी के मामले में दुनिया के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। AQI.in की लाइव ग्लोबल टेम्परेचर रैंकिंग्स से एक बेहद चौंकाने वाला और डराने वाला आंकड़ा सामने आया है। इस रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार को दुनिया के टॉप 100 सबसे गर्म शहरों की सूची में सभी के सभी शहर सिर्फ और सिर्फ भारत के दर्ज किए गए हैं। यानी इस वक्त पूरी पृथ्वी पर भारत से ज्यादा गर्म कोई दूसरा देश नहीं है।

यूपी के इन तीन जिलों ने दुनिया को पछाड़ा, रिकॉर्ड तोड़ गर्मी से हाहाकार

ग्लोबल वार्मिंग और मौसम के बदले मिजाज के बीच इस वैश्विक सूची में सबसे ऊपर उत्तर प्रदेश के तीन जिलों ने जगह बनाई है। मंगलवार को यूपी के औरैया, बांदा और इटावा दुनिया के सबसे गर्म स्थान दर्ज किए गए। इन तीनों जिलों में दोपहर के समय सूरज ने ऐसा सितम ढाया कि पारा 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। इसके अलावा दिल्ली, गुड़गांव, फरीदाबाद, चंडीगढ़, आगरा और वाराणसी जैसे देश के बड़े महानगरों में भी दोपहर होते ही सड़कों पर सन्नाटा पसर गया और तापमान रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।

उत्तर से लेकर मध्य भारत तक बरस रही आग, 45 डिग्री पर उबल रहे शहर

सिर्फ उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के अन्य राज्य भी इस समय भट्टी की तरह तप रहे हैं। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, यूपी के अलीगढ़ और मैनपुरी के साथ-साथ हरियाणा के कुरुक्षेत्र, पानीपत व करनाल में तापमान 45°C दर्ज किया गया। वहीं पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और ओडिशा के एक बहुत बड़े हिस्से में पारा 44°C के आसपास बना हुआ है। प्रयागराज, हिसार, जालंधर, बठिंडा, सतना और बलांगीर जैसे शहरों में भी लोग भीषण लू (Heatwave) से बेहाल हैं। चंडीगढ़, आगरा, ग्वालियर, जम्मू, पठानकोट और वाराणसी जैसे प्रमुख शहरों में भी स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है।

IMD की डराने वाली चेतावनी, अभी और बढ़ेगा पारा

यदि आप सोच रहे हैं कि इस तपती गर्मी से जल्द राहत मिलने वाली है, तो भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की नई चेतावनी आपको और परेशान कर सकती है। मौसम विभाग ने 19 मई को आने वाले दिनों के लिए एक बड़ा अलर्ट जारी किया है। IMD के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश और विदर्भ में यह पूरा हफ्ता भीषण लू (Severe Heat Wave) की चपेट में रहेगा। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 से 24 मई तक और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 20 मई तक लू का यह जानलेवा कहर लगातार जारी रहेगा।

आखिर कब मिलेगी इस जानलेवा लू से राहत?

मौसम विभाग ने लू को लेकर जारी अपने विशेष बुलेटिन में बताया है कि इस सप्ताह उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में लोगों को बेहद सतर्क रहने की जरूरत है। सोमवार से 24 मई के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रहेगा। हालांकि, आईएमडी ने राहत की बात बताते हुए कहा है कि 19 मई से 24 मई के बीच कुछ क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की धीरे-धीरे गिरावट भी देखी जा सकती है। लेकिन 24 मई तक देश के बाकी हिस्सों में तापमान में किसी बड़े बड़े बदलाव या बड़ी राहत की कोई उम्मीद नहीं है। ऐसे में डॉक्टर और प्रशासन लोगों को दोपहर के समय घरों में रहने और खुद को हाइड्रेटेड रखने की सलाह दे रहे हैं।

Tags: