तैयार रखें अपने दस्तावेज: 2027 की जनगणना में आपसे पूछे जाएंगे ये 40 अहम सवाल
देश में होने वाली आगामी 2027 की जनगणना को लेकर तैयारियां तेज हो चुकी हैं। अगर आप सोच रहे हैं कि इस बार सरकारी अधिकारी आपके घर आकर क्या-क्या जानकारी मांगेंगे तो इसका पूरा खाका तैयार हो चुका है। गृह मंत्रालय ने 'परिवार अनुसूची' के तहत पूछे जाने वाले 40 सवालों की सूची सार्वजनिक कर दी है।
जनगणना अधिनियम 1948 के नियमों के तहत नियुक्त अधिकारी घर-घर जाकर यह डेटा इकट्ठा करेंगे। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि एक आम नागरिक के तौर पर आपको कौन सी जानकारी देनी होगी।
दो चरणों में होगी लोगों की गिनती
सवालों की बात करने से पहले यह जानना जरूरी है कि यह अभियान कब से शुरू हो रहा है। सबसे पहले पहाड़ी और बर्फबारी वाले राज्यों का नंबर आएगा। लद्दाख के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के बर्फीले क्षेत्रों में एक सितंबर से 30 सितंबर के बीच लोगों की गिनती का काम पूरा किया जाएगा। वहीं देश के बाकी हिस्सों में यह प्रक्रिया अगले साल चालू की जाएगी।
आपकी निजी जिंदगी और परिवार से जुड़े सवाल
जनगणना अधिकारी आपके परिवार के हर सदस्य का बुनियादी ब्यौरा मांगेंगे। इसमें व्यक्ति का नाम घर के मुखिया से उसका रिश्ता लिंग और पूरी उम्र (वर्षों में) जैसी बातें शामिल हैं। इसके अलावा आपकी वैवाहिक स्थिति शादी के समय आपकी उम्र और पति या पत्नी का नाम भी पूछा जाएगा। धर्म राष्ट्रीयता जाति (एससी या एसटी) माता-पिता का विवरण और किसी तरह की शारीरिक विकलांगता होने पर उसकी भी जानकारी देनी होगी।
शिक्षा रोजगार और भाषा का देना होगा हिसाब
आप कौन सी भाषाएं बोलते या समझते हैं और आपकी मातृभाषा क्या है यह सब रजिस्टर में दर्ज होगा। पढ़ाई-लिखाई और डिजिटल साक्षरता को लेकर भी सवाल होंगे। आपने किस स्तर तक पढ़ाई की है स्कूल या कॉलेज जाते हैं या नहीं और किस विषय में शिक्षा ली है यह सब पूछा जाएगा।
कामकाजी लोगों से उनके रोजगार उद्योग और पेशे की बारीक जानकारी मांगी जाएगी। जो लोग काम नहीं कर रहे या रोजगार की तलाश में हैं उन्हें भी अपना ब्यौरा देना होगा। आप अपने कार्यस्थल तक कैसे आते-जाते हैं यह भी बताना होगा।
पलायन और महिलाओं से जुड़े विशेष सवाल
आप मूल रूप से कहां के रहने वाले हैं और वर्तमान जगह पर कब से निवास कर रहे हैं इसकी जानकारी देनी होगी। अगर आपने अपनी जगह बदली है तो पलायन का कारण क्या था यह भी पूछा जाएगा।
महिलाओं के लिए कुछ विशेष सवाल तय किए गए हैं। शादीशुदा विधवा या तलाकशुदा महिलाओं से उनके कुल बच्चों और वर्तमान में जीवित बच्चों की संख्या पूछी जाएगी। वहीं मौजूदा समय में विवाहित महिलाओं से बीते एक साल के दौरान जन्मे बच्चों का रिकॉर्ड मांगा जाएगा।
पहचान पत्र और अन्य जरूरी जानकारियां
सरकार आपके दस्तावेजों और सुविधाओं की भी जानकारी लेगी। आपसे आपका मोबाइल नंबर बैंक खातों की कुल संख्या और कोविड-19 वैक्सीन लगने की जगह के बारे में पूछा जाएगा। इसके साथ ही पहचान पत्र के तौर पर आपका आधार नंबर वोटर आईडी भारतीय पासपोर्ट का विवरण और ड्राइविंग लाइसेंस होने या ना होने की जानकारी भी रजिस्टर करवाई जाएगी।