बेंगलुरु में कयामत की सुबह: खदान में 40 फीट ऊपर से गिरी विशाल चट्टान, 7 मजदूरों की मलबे में दबकर दर्दनाक मौत
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक दुखद घटना की खबर आई है। गुरुवार सुबह बेंगलुरु दक्षिण तालुका के मडापट्टना इलाके में एक पत्थर की खदान में अचानक एक विशाल चट्टान गिर गई। इस भयानक हादसे में बिहार के सात मज़दूर मलबे के नीचे दबकर मौके पर ही मारे गए, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा गुरुवार सुबह उस समय हुआ जब खदान में पत्थर तोड़ने और खुदाई का नियमित काम चल रहा था। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि साइट पर लगभग 18 लोग काम कर रहे थे। अचानक, लगभग 40 फीट की ऊंचाई से एक विशाल चट्टान नीचे काम कर रहे मज़दूरों पर गिर पड़ी। चट्टान इतनी विशाल थी कि मज़दूरों को बचने का मौका तक नहीं मिला।
सात लोगों की मौके पर ही मौत
चट्टान गिरने के बाद अफरातफरी मच गई। बिहार के सात दिहाड़ी मज़दूर मलबे के नीचे दबकर मारे गए। ये मज़दूर स्टोन क्रशर साइट पर दिहाड़ी मज़दूरी कर रहे थे और अपने परिवारों की आजीविका कमाने के लिए बेंगलुरु आए थे। हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। मलबे से शवों को निकाला गया और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।