हाईवे पर बेकाबू बस ने 4 गाड़ियों को रौंदा, होटल में घुसते ही भड़की आग; 50 से अधिक जख्मी

हाईवे पर बेकाबू बस ने 4 गाड़ियों को रौंदा, होटल में घुसते ही भड़की आग; 50 से अधिक जख्मी

तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शमशाबाद इलाके में बेंगलुरु-हैदराबाद नेशनल हाईवे पर सिलसिलेवार सड़क हादसे ने भारी तबाही मचा दी। हैदराबाद से बेंगलुरु की ओर जा रहा एक भारी-भरकम कंटेनर ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर लगे बिजली के खंभे से जा भिड़ा।

इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते, सामने से तेज गति में आ रही 'सेवन हिल्स प्राइवेट ट्रैवल्स' की एक बस भी उसी पोल से टकरा गई। इसके बाद बस का संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया और उसने सड़क किनारे खड़े कई वाहनों को एक साथ अपनी चपेट में ले लिया।

बस ने कई वाहनों को मारी जोरदार टक्कर, होटल में जा घुसी

बिजली के खंभे से टकराने के बाद बेकाबू हुई इस निजी बस ने वहां पार्क की गई मारुति अर्टिगा, मारुति ओमनी, मारुति स्विफ्ट और एक मोटरसाइकिल को बुरी तरह रौंद दिया। इन सभी गाड़ियों को घसीटते हुए बस सीधे सड़क किनारे स्थित 'बालाजी भवन' होटल और उसके पास बनी एक पान की दुकान की दीवारें तोड़ते हुए अंदर जा घुसी। टक्कर इतनी भयानक थी कि चारों गाड़ियां चकनाचूर हो गईं और आसपास खड़े लोगों में चीख-पुकार मच गई।

होटल के चूल्हे से भड़की आग, 50 से ज्यादा लोग जख्मी

जिस वक्त यह दुर्घटना हुई, उस समय होटल के अंदर खाना पकाने वाला चूल्हा जल रहा था। बस की सीधी टक्कर से चूल्हा पलट गया और परिसर में अचानक आग भड़क उठी। हालांकि, मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने गजब की तत्परता और साहस दिखाते हुए तुरंत आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा अग्निकांड होने से टल गया। इस भीषण हादसे में 50 से अधिक लोग मामूली रूप से चोटिल हुए हैं, जबकि बस ड्राइवर और अर्टिगा के ड्राइवर को गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी निजी अस्पतालों में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार बस चालक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।