राहुल गांधी और थलपति विजय की फोटो Instagram पर हुई 'ब्लॉक', कांग्रेस ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप, जानें क्या है सच
Rahul Gandhi Instagram Post Blocked: चेन्नई में थलपति विजय के मुख्यमंत्री पद के शपथ ग्रहण समारोह की कुछ तस्वीरें और रील रविवार को सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा में रहीं। लेकिन इस बीच एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया जब कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इंस्टाग्राम ने राहुल गांधी और विजय की इन पोस्ट्स को 'ब्लॉक' कर दिया है। कांग्रेस ने इसके पीछे केंद्र सरकार और आईटी मंत्रालय (MeitY) के नियमों का हाथ बताया, हालांकि सरकार की ओर से इस पर स्पष्टीकरण सामने आया है।
करोड़ों व्यूज के बाद अचानक गायब हुई रील
राहुल गांधी रविवार को अभिनेता से राजनेता बने विजय के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने चेन्नई पहुंचे थे। उन्होंने विजय के साथ कई तस्वीरें और रील साझा कीं, जो देखते ही देखते वायरल हो गईं। कांग्रेस नेता श्रीवत्स के मुताबिक, राहुल गांधी द्वारा शेयर की गई रील को एक घंटे से भी कम समय में 12 मिलियन (1.2 करोड़) व्यूज मिल चुके थे, वहीं फोटो पोस्ट को 46 मिलियन (4.6 करोड़) से ज्यादा लोग देख चुके थे। इसके बाद अचानक यूजर्स को ये पोस्ट दिखनी बंद हो गई, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर हंगामा मच गया।
विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप
कांग्रेस ने इस घटना को लेकर सीधे तौर पर मेटा (Meta) और सरकार को आड़े हाथों लिया। श्रीवत्स ने एक्स (ट्विटर) पर पोस्ट कर दावा किया कि राहुल गांधी के सोशल मीडिया अकाउंट्स को लंबे समय से निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की पहुंच, यूट्यूब व्यूज और इंस्टाग्राम फॉलोअर्स को जानबूझकर दबाया जा रहा है। कांग्रेस का कहना है कि यह 'गड़बड़ी' आईटी मंत्रालय के नियमों के कारण हुई है ताकि विपक्षी नेता की लोकप्रियता को कम किया जा सके।
आईटी मंत्रालय (MeitY) ने दी सफाई
इन आरोपों पर इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के सूत्रों ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए इसे सिरे से खारिज कर दिया है। सरकारी सूत्रों का कहना है कि इस कार्रवाई में मंत्रालय की कोई भूमिका नहीं थी। मंत्रालय के एक सूत्र ने स्पष्ट किया कि इंस्टाग्राम प्लेटफॉर्म के अपने 'इंटरनल सिस्टम' यानी आंतरिक सुरक्षा प्रणाली ने गलती से इन पोस्ट्स को ब्लॉक के लिए चिह्नित कर दिया था।
अब बहाल हो चुकी हैं पोस्ट्स
राहत की बात यह है कि तकनीकी गड़बड़ी को सुधार लिया गया है। मंत्रालय के अनुसार, जैसे ही प्लेटफॉर्म को इस गलती का एहसास हुआ, राहुल गांधी और विजय की उन पोस्ट्स को फिर से लाइव या बहाल कर दिया गया है। हालांकि, इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की पारदर्शिता और एल्गोरिदम पर बहस छेड़ दी है कि कैसे करोड़ों की संख्या में देखे जा रहे कंटेंट को 'सिस्टम एरर' के नाम पर रोका जा सकता है।