आउट होते ही बेकाबू हुआ गुस्सा, बाउंड्री वेज पर मारा बल्ला; इस खिलाड़ी को अब भुगतनी पड़ी सजा
भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मुकाबले में मैदान पर खिलाड़ियों का पारा लगातार चढ़ता दिख रहा है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) भी अनुशासनहीनता को लेकर पूरी तरह सख्त नजर आ रही है।
मैच के दौरान नियमों की अनदेखी करने के मामले में अब श्रीलंकाई स्पिनर प्रभात जयसूर्या पर गाज गिरी है। वह इस मुकाबले में आईसीसी की कार्रवाई के दायरे में आने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं।
आईसीसी कोड ऑफ कंडक्ट उल्लंघन के तहत लगी फटकार
प्रभात जयसूर्या को खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ से जुड़े आईसीसी कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.2 के उल्लंघन का दोषी ठहराया गया है। यह नियम मैच के दौरान क्रिकेट किट, मैदान के उपकरणों या फिक्सचर्स के साथ अनुचित व्यवहार करने से संबंधित है। फटकार लगाने के साथ ही आईसीसी ने जयसूर्या के अनुशासनात्मक खाते में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ दिया है।
नाइटवॉचमैन बनकर उतरे और खो बैठे आपा
यह पूरा वाकया मैच के दूसरे दिन शाम के सत्र में हुआ। श्रीलंकाई पारी की शुरुआत बेहद खराब रही और दूसरे ही ओवर में महज एक रन के कुल योग पर लाहिरु उदारा को प्रसिद्ध कृष्णा ने यशस्वी जायसवाल के हाथों कैच आउट करा दिया। दिन का खेल समाप्त होने में थोड़ा समय बचा था, इसलिए टीम ने प्रभात जयसूर्या को नाइटवॉचमैन के रूप में तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी के लिए भेजा। हालांकि रणनीति सफल नहीं रही और मानव सुथार ने जयसूर्या को सिर्फ दो रन पर पवेलियन की राह दिखा दी।
बाउंड्री कुशन पर मारा बल्ला और स्वीकार की गलती
आउट होने के बाद जब प्रभात पवेलियन लौट रहे थे, तब वह अपना गुस्सा काबू में नहीं रख सके और उन्होंने सीमा रेखा पर लगे बाउंड्री वेज पर जोर से बल्ला दे मारा। मैदानी अंपायरों और मैच रेफरी ने इस हरकत को गंभीरता से लिया। हालांकि जयसूर्या ने अपनी गलती तुरंत स्वीकार कर ली और मैच रेफरी द्वारा प्रस्तावित सजा को मान लिया, जिससे इस मामले में किसी औपचारिक सुनवाई की नौबत नहीं आई।
जायसवाल और असिथा फर्नांडो पर भी लग चुका है जुर्माना
इस मुकाबले में यह पहला अनुशासनात्मक मामला नहीं है। इससे पहले मैच के 17वें ओवर में भारतीय सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और श्रीलंकाई तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो के बीच तीखी नोकझोंक हुई थी। आउट होने के बाद फर्नांडो द्वारा की गई टिप्पणी और दोनों के बीच हुई शारीरिक टक्कर के चलते आईसीसी ने दोनों खिलाड़ियों पर मैच फीस का जुर्माना लगाया था।