क्रिकेट जगत में बड़ा उलटफेर: फुटबॉल के दीवाने स्पेन ने ध्वस्त किया ऑस्ट्रेलिया का 23 साल पुराना 'अजेय' रिकॉर्ड
यूरोप का देश स्पेन हमेशा से अपने शानदार फुटबॉल के लिए जाना जाता है। लेकिन अब इस देश के खिलाड़ी क्रिकेट के मैदान पर भी अपनी बादशाहत कायम कर रहे हैं। आईसीसी के एसोसिएट सदस्य स्पेन ने एक ऐसा कारनामा कर दिखाया है जिसने बड़े-बड़े क्रिकेट पंडितों को चौंका दिया है। इस टीम ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगातार 21 मैच जीतकर इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया है। इसके साथ ही उन्होंने क्रिकेट जगत की सबसे मजबूत मानी जाने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम के 23 साल पुराने विश्व रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है।
फिनलैंड को रौंदकर रचा इतिहास
स्पेनिश टीम फिलहाल 2028 टी20 विश्व कप के लिए यूरोप सब-रीजनल क्वालिफायर सी टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही है। इसी कड़ी में 14 अगस्त को उनका सामना फिनलैंड से हुआ। फिनलैंड ने स्पेन के सामने 131 रनों का लक्ष्य रखा था। स्पेन के बल्लेबाजों ने इस आसान से लक्ष्य को केवल दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। साल 2026 में खेला गया यह उनका पहला मैच था।
इसी दमदार जीत के साथ उनके लगातार जीतने का आंकड़ा 21 तक पहुंच गया। स्पेन की टीम का यह विजयी अभियान साल 2023 में शुरू हुआ था। साल 2025 खत्म होने तक यह टीम लगातार 20 मैच जीत चुकी थी और अब उन्होंने नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है।
महज कुछ सालों में फर्श से अर्श तक का सफर
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने साल 2019 में स्पेन को टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने का दर्जा दिया था। तब से लेकर अब तक इस टीम का ग्राफ बहुत तेजी से ऊपर चढ़ा है। स्पेन ने अभी तक कुल 51 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। इनमें से 42 मैचों में उन्हें शानदार जीत मिली है और केवल 8 बार हार का मुंह देखना पड़ा है। वहीं एक मुकाबला बिना किसी नतीजे के रद्द हो गया था। यह आंकड़े साफ बताते हैं कि एसोसिएट क्रिकेट में स्पेन का किस कदर दबदबा बढ़ता जा रहा है।