128 साल बाद ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी: लॉस एंजिल्स 2028 के लिए भारत की राह हुई साफ

128 साल बाद ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी: लॉस एंजिल्स 2028 के लिए भारत की राह हुई साफ

लॉस एंजिल्स में होने वाले 2028 ओलंपिक खेलों में क्रिकेट की ऐतिहासिक वापसी होने जा रही है। 1900 के बाद पहली बार ओलंपिक के मंच पर चौके-छक्के देखने को मिलेंगे। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक कमेटी (IOC) और ICC ने इस रोमांचक टूर्नामेंट के लिए क्वालिफिकेशन का खाका तैयार कर लिया है। पुरुष और महिला, दोनों वर्गों में 6-6 टीमें गोल्ड मेडल की जंग में शामिल होंगी।

महिला क्रिकेट: टीम इंडिया ने पक्की की अपनी जगह

महिला क्रिकेट के लिए क्वालिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी तरह स्पष्ट हो चुकी है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के प्रदर्शन के आधार पर 4 टीमें पहले ही अपनी जगह सुनिश्चित कर चुकी हैं। इनमें टीम इंडिया के अलावा ऑस्ट्रेलिया, ग्रेट ब्रिटेन (इंग्लैंड के माध्यम से) और दक्षिण अफ्रीका का नाम शामिल है। शेष टीमों का फैसला बाद में आयोजित होने वाले क्वालीफायर के जरिए होगा।

पुरुष क्रिकेट: रैंकिंग तय करेगी भविष्य

पुरुष क्रिकेट में क्वालिफिकेशन का आधार 'टी20 रैंकिंग' को बनाया गया है। इसमें निम्नलिखित नियम लागू होंगे:

  • रैंकिंग की अहमियत: 31 दिसंबर 2026 तक अफ्रीका, एशिया, यूरोप और ओशिनिया की सबसे ऊंची रैंकिंग वाली टीमें ओलंपिक में जगह बनाएंगी।

  • टॉप-15 की शर्त: इन टीमों का आईसीसी रैंकिंग में टॉप-15 में होना अनिवार्य है।

  • अमेरिका का मौका: मेजबान देश अमेरिका यदि क्वालिफिकेशन विंडो के दौरान टॉप-15 रैंकिंग में रहता है, तो वह स्वतः ओलंपिक के लिए योग्य माना जाएगा।

'आईसीसी ओलंपिक क्वालीफायर 2027': आखिरी मौका

पुरुष और महिला दोनों वर्गों में जो टीमें सीधे क्वालीफाई नहीं कर पाएंगी, उनके लिए 'आईसीसी ओलंपिक क्वालीफायर 2027' का आयोजन किया जाएगा। इसमें कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी, जो ओलंपिक के लिए बची हुई अंतिम सीटों के लिए आपस में भिड़ेंगी।

वेस्टइंडीज के लिए विशेष नियम

वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ओलंपिक में एक संयुक्त टीम के तौर पर हिस्सा नहीं ले पाएगी। यदि वे क्वालीफाई करना चाहते हैं, तो उन्हें 'कैरेबियन क्वालीफायर' के जरिए अपने क्षेत्रीय प्रतिनिधि का चयन करना होगा, जो ओलंपिक क्वालीफायर में हिस्सा लेगा।