FIFA World Cup 2026: लियोनेल मेस्सी रचेंगे इतिहास, छठे विश्व कप के लिए अर्जेंटीना टीम के कप्तान घोषित, रोनाल्डो के इस महा-रिकॉर्ड की करेंगे बराबरी

FIFA World Cup 2026: लियोनेल मेस्सी रचेंगे इतिहास, छठे विश्व कप के लिए अर्जेंटीना टीम के कप्तान घोषित, रोनाल्डो के इस महा-रिकॉर्ड की करेंगे बराबरी

फुटबॉल जगत के सर्वकालिक महान खिलाड़ियों में शुमार लियोनेल मेस्सी एक बार फिर फीफा विश्व कप में अपनी जादुई कप्तानी का जलवा बिखेरने के लिए तैयार हैं। 12 जून से शुरू होने जा रहे फीफा विश्व कप 2026 के लिए अर्जेंटीना की आधिकारिक टीम घोषित कर दी गई है और उम्मीद के मुताबिक टीम की कमान लियोनेल मेस्सी के हाथों में सौंपी गई है। हाल ही में मेजर लीग सॉकर (MLS) में इंटर मियामी के लिए खेलते हुए मेस्सी के अचानक मैदान से बाहर जाने के बाद उनकी फिटनेस को लेकर फैंस की धड़कनें बढ़ गई थीं। हालांकि, क्लब ने अब यह साफ कर दिया है कि वह कोई गंभीर चोट नहीं बल्कि सिर्फ बाईं हैमस्ट्रिंग में 'मांसपेशियों की थकान' थी। मेस्सी पूरी तरह फिट हैं और अपने देश के खिताब की रक्षा करने के लिए मैदान पर उतरेंगे।

क्रिस्टियानो रोनाल्डो के 'सिक्सर क्लब' में शामिल होंगे मेस्सी, खेलेंगे 200वां मैच

लियोनेल मेस्सी के लिए यह विश्व कप ऐतिहासिक होने वाला है। वह अपने करियर का छठा फीफा विश्व कप खेलने उतरेंगे, जो कि पुर्तगाल के स्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो के साथ संयुक्त रूप से किसी भी खिलाड़ी द्वारा सबसे अधिक विश्व कप खेलने का रिकॉर्ड होगा। मेस्सी पहले ही विश्व कप के इतिहास में सबसे ज्यादा 26 मैच खेलने का कीर्तिमान अपने नाम कर चुके हैं और इस बार वह इस संख्या को और आगे बढ़ाएंगे। इसके साथ ही मेस्सी अर्जेंटीना के लिए अपने मैचों का दोहरा शतक लगाने के बेहद करीब हैं। अब तक 198 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके मेस्सी विश्व कप से ठीक पहले होंडुरास और आइसलैंड के खिलाफ होने वाले दो वॉर्म-अप मैचों में उतरते ही 200 मैचों का आंकड़ा छू लेंगे। वह क्रिस्टियानो रोनाल्डो के बाद इतिहास में 200 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले दुनिया के दूसरे खिलाड़ी बनेंगे। अर्जेंटीना के लिए पूर्व मिडफील्डर जेवियर माशेरानो (147 मैच) दूसरे स्थान पर हैं।

गोल्डन ग्लव विनर एमिलियानो मार्टिनेज की वापसी, डि मारिया के बिना उतरेगी चैंपियन

कतर विश्व कप 2022 में अर्जेंटीना को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले स्टार गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज एक बार फिर गोलपोस्ट की कमान संभालते नजर आएंगे। अर्जेंटीना की इस 26 सदस्यीय मजबूत टीम में डिफेंडर लिसैंड्रो मार्टिनेज और क्रिस्टियन रोमेरो के साथ मिडफील्ड की रीढ़ माने जाने वाले एलेक्सिस मैक एलिस्टर और एन्ज़ो फर्नांडीज को भी जगह मिली है। हालांकि, टीम को इस बार अपने दिग्गज खिलाड़ी एंजेल डि मारिया की कमी खलेगी, जिन्होंने संन्यास से वापस न लौटने का फैसला किया है। उनके अलावा अनुभवी गोलकीपर फ्रेंको अरमानी ने भी वापसी से इनकार कर दिया था, जिसके चलते वह भी इस बार टीम का हिस्सा नहीं हैं।

ग्रुप 'जे' में अर्जेंटीना का मुकाबला, जानिए कब और किससे होगी भिड़ंत

डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना को इस बार फीफा विश्व कप के ग्रुप जे (Group J) में अल्जीरिया, ऑस्ट्रिया और जॉर्डन जैसी टीमों के साथ रखा गया है। मेस्सी की सेना अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत 17 जून को कैनसस सिटी में अल्जीरिया के खिलाफ करेगी। इसके बाद टीम अपना दूसरा मैच 22 जून को खेलेगी और ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला 28 जून को जॉर्डन के खिलाफ होगा। जॉर्डन और दूसरे मैच की मेजबानी डलास शहर करेगा, जहां अर्जेंटीना के फैंस को एक बार फिर मेस्सी-मैजिक देखने की उम्मीद होगी।

 

Tags: