आयरलैंड से हार के बाद बदलेगी टीम इंडिया, इंग्लैंड के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी की एंट्री पर सबकी नजर
वर्ल्ड क्रिकेट में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से तबाही मचाने वाले नए सुपरस्टोरी वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) के इंटरनेशनल डेब्यू को लेकर इस वक्त क्रिकेट जगत में सस्पेंस चरम पर है। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) में अपने बल्ले से कोहराम मचाने के बाद पूर्व इंग्लिश दिग्गजों से लेकर भारतीय फैंस तक, हर कोई इस युवा खिलाड़ी को मैदान पर देखना चाहता है। भारत और इंग्लैंड के बीच आज यानी बुधवार, 1 जुलाई 2026 को रात 10 बजे से 5 मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाना है। लेकिन बड़ा सवाल यही है कि क्या डरहम के चेस्टर-ले-स्ट्रीट मैदान पर वैभव को प्लेइंग इलेवन में जगह मिलेगी?
आयरलैंड के खिलाफ हार के बाद उठी वैभव को खिलाने की मांग
भारतीय टीम हाल ही में आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज खेलकर यहां पहुंची है। आयरलैंड के खिलाफ मिली एक शर्मनाक हार ने टीम मैनेजमेंट की चिंताओं को बढ़ा दिया था, जिसके बाद से ही 15 साल के प्रतिभावान बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को सीनियर टीम में मौका दिए जाने की मांग ने और जोर पकड़ लिया है। हालांकि, टीम मैनेजमेंट इस संवेदनशील फैसले पर लगातार सस्पेंस बनाए हुए है। इससे पहले टीम के सहायक कोच रयान टेन डोएशेट ने भी कहा था कि वैभव भले ही पूरी तरह तैयार दिख रहे हों, लेकिन हमें सही वक्त का इंतजार करना होगा।
मैच से कुछ घंटे पहले कप्तान श्रेयस अय्यर का माइंड गेम?
मैच की पूर्व संध्या पर जब कप्तान श्रेयस अय्यर प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए, तो उन्होंने वैभव के डेब्यू को लेकर सीधे जवाब देने के बजाय एक तरह से नकारात्मक संकेत ही दिए। लेकिन क्रिकेट पंडितों का मानना है कि कोच गौतम गंभीर और कप्तान श्रेयस अय्यर मिलकर इंग्लिश टीम के खिलाफ एक बड़ा माइंड गेम खेल रहे हैं। अय्यर ने विरोधी टीम को अपनी रणनीति का सुराग न देने की बात कही है। ऐसे में मुमकिन है कि टॉस के वक्त वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में शामिल कर मेजबान इंग्लैंड को अचानक सरप्राइज झटका दिया जाए।
कैंप के अंदर की बातें बाहर नहीं बता सकते: श्रेयस अय्यर श्रेयस अय्यर ने साफ किया कि वह प्लेइंग कॉम्बिनेशन का खुलासा विपक्षी टीम के सामने नहीं करेंगे। उन्होंने कहा, "आप कभी नहीं कह सकते कि आगे क्या होने वाला है। अभी हमारे हाथ बंधे हुए हैं कि हम क्या रणनीति अपनाएंगे। यह सब बेहद प्राइवेट है और टीम के अंदर की बात है। हम अपना फाइनल कॉम्बिनेशन इंग्लैंड को पहले नहीं बता सकते।"
15 साल के वैभव सूर्यवंशी पर कप्तान को है पूरा भरोसा
भले ही श्रेयस अय्यर ने डेब्यू को लेकर पत्ते न खोले हों, लेकिन उन्होंने इस युवा सनसनी की जमकर तारीफ की। अय्यर ने कहा, "हमारी टीम में हर खिलाड़ी ने शानदार प्रदर्शन किया है, केवल किसी एक पर निर्भरता नहीं है। हमें पूरी टीम का आत्मविश्वास बढ़ाना है और सभी को मौके देने हैं। जिन खिलाड़ियों ने भारत को टी20 वर्ल्ड कप जिताने में अहम भूमिका निभाई, वे इस फॉर्मेट को बहुत बारीकी से समझते हैं। टीम के लिए उनका सपोर्ट सिस्टम बने रहना बहुत जरूरी है।"
वैभव के बारे में बात करते हुए कप्तान ने आगे कहा, "वैभव एक कमाल का और असाधारण टैलेंट है। वह भविष्य का खिलाड़ी है और जब भी उसे भारत के लिए मैदान पर उतरने का मौका मिलेगा, वह जरूर अपनी चमक बिखेरेगा और देश को मैच जिताएगा।" अब देखना दिलचस्प होगा कि आज रात 10 बजे जब सिक्का उछलेगा, तो भारत की कैप पाने वाले खिलाड़ियों में वैभव का नाम शामिल होता है या नहीं।