मंदिर के सामने पंचायत में आ धमका खूंखार तेंदुआ, मची ऐसी भगदड़ कि उड़ गए होश

मंदिर के सामने पंचायत में आ धमका खूंखार तेंदुआ, मची ऐसी भगदड़ कि उड़ गए होश

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के ठाकुरद्वारा क्षेत्र में तेंदुए की दहशत इन दिनों अपने चरम पर है। पिछले कुछ दिनों से जारी खौफ बुधवार को उस वक्त और अधिक बढ़ गया जब तीन अलग-अलग गांवों में तेंदुए की मौजूदगी से हड़कंप मच गया। एक महिला को अपना ग्रास बनाने वाले इस आदमखोर तेंदुए की तलाश और डर के साए में ग्रामीण अब रातभर हाथों में लाठी-डंडे लेकर पहरेदारी करने को मजबूर हैं।

बसई का मजरा में मंदिर के सामने पंचायत के बीच पहुंचा तेंदुआ

ठाकुरद्वारा क्षेत्र के बसई का मजरा गांव में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। यहां ग्रामीण मंदिर के सामने बैठकर गांव के विकास कार्यों और अन्य मुद्दों पर चर्चा कर रहे थे, तभी अचानक तेंदुआ वहां आ धमका। अचानक सामने तेंदुए को देखकर ग्रामीणों के बीच भारी भगदड़ मच गई। हालांकि, ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए लाठी-डंडे थाम लिए और उसका पीछा किया। ग्रामीणों के एकजुट होकर शोर मचाने पर तेंदुआ गन्ने के खेत में घुस गया और ओझल हो गया।

महिला की मौत से आक्रोश, अंतिम संस्कार के बाद फिर मंडराया तेंदुआ

मंगलवार दोपहर को खेत पर काम करने गई विरमो देवी पर तेंदुए ने हमला कर दिया था, जिससे उनकी मौत हो गई थी। बुधवार को जब उनके अंतिम संस्कार की प्रक्रिया चल रही थी, तब गांव में काफी आक्रोश और तनाव का माहौल था। हालांकि, प्रशासनिक सतर्कता और ब्लॉक प्रमुख पति डॉ. वीर सिंह सैनी की सूझबूझ से पीड़ित परिवार को समझा-बुझाकर शांतिपूर्ण ढंग से अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया। इसके कुछ ही घंटों बाद, शाम करीब साढ़े पांच बजे तेंदुआ दोबारा गांव में एक स्थानीय निवासी के मकान के पीछे खड़ा दिखाई दिया, जिससे एक बार फिर पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई।