जनता दर्शन में डीएम ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
वाराणसी। जिले में आम जनता की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने कलेक्ट्रेट स्थित जनता दर्शन में फरियादियों की शिकायतें गंभीरता से सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराने के सख्त निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक पीड़ित व्यक्ति की समस्या को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और उसका संतुष्टिपरक समाधान किया जाए, ताकि लोगों को अपनी शिकायतों के लिए बार-बार जिला और तहसील मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा गलत रिपोर्ट लगाकर शिकायत का निस्तारण दिखाया गया, तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।डीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक अपने कार्यालयों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और फरियादियों की समस्याएं सुनें।
गंभीर मामलों में अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लें और समस्या का समाधान कराएं।इसके साथ ही जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा करने और लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी स्वयं शिकायतकर्ताओं से बातचीत करें और उनकी समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित करें।जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसलिए सभी अधिकारी पूरी जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें, जिससे आम नागरिकों को समय पर न्याय और राहत मिल सके।