यूपी में महा-तबादला एक्सप्रेस! योगी सरकार का बड़ा एक्शन, 28 ARTO, 30 BSA और 6 आबकारी उपायुक्तों का रातों-रात ट्रांसफर
उत्तर प्रदेश की शासन व्यवस्था और प्रशासनिक कामकाज को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार लगातार फुल ऐक्शन मोड में नजर आ रही है। इसी कड़ी में शनिवार को राज्य के कई महत्वपूर्ण विभागों में बड़े पैमाने पर अधिकारियों के तबादले कर दिए गए हैं। इस महा-तबादला एक्सप्रेस की जद में परिवहन, बेसिक शिक्षा, और आबकारी विभाग जैसे बड़े महकमे आए हैं। शासन द्वारा जारी की गई नई लिस्ट के अनुसार, राज्य में 28 सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO), 30 जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) और 6 आबकारी उपायुक्तों के कार्यक्षेत्र में बड़ा फेरबदल किया गया है। इसके साथ ही विभिन्न विश्वविद्यालयों के डिप्टी और असिस्टेंट रजिस्ट्रार भी इधर से उधर किए गए हैं। सरकार ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तुरंत अपने नए तैनाती स्थल पर पहुंचकर चार्ज संभालने के कड़े निर्देश दिए हैं।
परिवहन विभाग में बड़ा फेरबदल, बदले गए 28 ARTO
यूपी परिवहन विभाग में प्रशासनिक कसावट लाने के लिए शासन ने 28 एआरटीओ (ARTO) के तबादलों की सूची जारी की है। इसमें कई जिलों के प्रवर्तन और प्रशासन विंग के अफसरों को बदला गया है। नई लिस्ट के मुताबिक, मनोज कुमार मिश्रा (एआरटीओ प्रवर्तन द्वितीय दल) को अब एआरटीओ (प्रशासन) गौतमबुद्धनगर की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, कानपुर देहात में तैनात सोमलता यादव (एआरटीओ प्रवर्तन प्रथम दल) को एआरटीओ (प्रवर्तन तृतीय दल) कानपुर नगर के पद पर भेजा गया है। मीरजापुर से विजय प्रकाश सिंह (एआरटीओ प्रवर्तन प्रथम दल) को हटाकर एआरटीओ (प्रशासन) प्रयागराज बनाया गया है, जबकि पीलीभीत के एआरटीओ (प्रशासन) वीरेंद्र सिंह अब मीरजापुर में एआरटीओ (प्रशासन) का कार्यभार संभालेंगे।
गाजियाबाद, लखनऊ और नोएडा के एआरटीओ भी बदले
तबादलों के इस क्रम में कुशीनगर के एआरटीओ (प्रशासन) मो. अजीम को श्रावस्ती भेजा गया है, जबकि बलिया के अरुण कुमार राय अब मीरजापुर में एआरटीओ (प्रवर्तन प्रथम दल) होंगे। बिजनौर के गौरी शंकर ठाकुर को फिरोजाबाद का एआरटीओ (प्रशासन) नियुक्त किया गया है। लखनऊ परिक्षेत्र के एआरटीओ (प्राविधिक) हिमांशु जैन को एक बड़ी जिम्मेदारी देते हुए एआरटीओ (प्रवर्तन प्रथम दल) मुख्यालय के साथ-साथ एआरटीओ (प्रशासन) विस्तार पटल लखनऊ का अतिरिक्त प्रभार भी सौंप दिया गया है। इसके अलावा श्रावस्ती के विनीत कुमार मिश्रा को गाजियाबाद में एआरटीओ (प्रवर्तन चतुर्थ दल) और हमीरपुर के अमिताभ राय को बाराबंकी का नया एआरटीओ (प्रशासन) बनाया गया है।
ट्रांसफर लिस्ट में इन अफसरों के नाम भी शामिल
प्रशासनिक फेरबदल की इस सूची में बाराबंकी के अंकित शुक्ला को गाजियाबाद (एआरटीओ प्रवर्तन द्वितीय दल), आजमगढ़ के अतुल कुमार यादव को देवरिया (एआरटीओ प्रशासन), और प्रतापगढ़ के दिलीप कुमार गुप्ता को मैनपुरी (एआरटीओ प्रशासन) के पद पर तैनात किया गया है। अमरोहा के महेश कुमार शर्मा अब बिजनौर के नए एआरटीओ (प्रशासन) होंगे। अलीगढ़ के प्रवेश कुमार को शामली भेजा गया है, जबकि शामली के रोहित राजपूत अब कानपुर देहात में मोर्चा संभालेंगे। मीरजापुर के संतोष कुमार सिंह को फतेहपुर और एटा के सत्येन्द्र कुमार को अलीगढ़ का नया एआरटीओ (प्रशासन) नियुक्त किया गया है।
इसके साथ ही मैनपुरी के शिवम यादव को एटा, फर्रुखाबाद के सुभाष चंद्र राजपूत को आजमगढ़, वाराणसी के सुधांशु रंजन को मेरठ, सोनभद्र के राजेश्वर यादव को कुशीनगर और मीरजापुर के सुशील कुमार मिश्रा को पीलीभीत का एआरटीओ (प्रशासन) बनाया गया है। लंबे समय से बाध्य प्रतीक्षा में चल रहे प्रवीण कुमार सिंह को एआरटीओ (प्रशासन) हमीरपुर और सौम्या पांडेय को एआरटीओ (प्रशासन) उरई के पद पर नई तैनाती दी गई है।
शिक्षा और आबकारी विभाग में भी भारी फेरबदल
परिवहन विभाग के अलावा योगी सरकार ने बेसिक शिक्षा विभाग में भी बड़ी सर्जरी की है, जिसके तहत प्रदेश के 30 जिलों के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों (BSA) को इधर से उधर किया गया है। शिक्षा व्यवस्था में सुधार और पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। वहीं राजस्व के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माने जाने वाले आबकारी विभाग में भी 6 आबकारी उपायुक्तों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। शासन स्तर से जुड़े सूत्रों का कहना है कि यह फेरबदल अधिकारियों की कार्यशैली की समीक्षा के बाद और सरकारी योजनाओं को धरातल पर तेजी से लागू करने के लिए किया गया है। आने वाले दिनों में कुछ और विभागों में भी ऐसे ही कड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।