राम गोपाल की मौत पर बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी, निष्पक्ष जांच के साथ हालात संभालने में जुटी पुलिस

राम गोपाल की मौत पर बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी, निष्पक्ष जांच के साथ हालात संभालने में जुटी पुलिस

रायबरेली/ऊंचाहार। एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पीछे रास्ते का पुराना विवाद और अब मामले में बढ़ती जातीय व राजनीतिक सक्रियता ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के रामचंद्रपुर गांव में राम गोपाल की मौत का मामला अब केवल घटनाक्रम की जांच तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि निष्पक्ष पुलिसिया कार्रवाई के साथ-साथ सामाजिक और राजनीतिक संवेदनशीलता की भी परीक्षा बनता जा रहा है। परिजनों के हत्या के आरोप, रेलवे की ओर से सामने आई आत्महत्या की आशंका और विभिन्न राजनीतिक संगठनों की सक्रियता के बीच पुलिस हर पहलू को परखते हुए मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है। सोमवार सुबह रामचंद्रपुर गांव निवासी 53 वर्षीय राम गोपाल का शव घर से करीब 100 मीटर दूर रेलवे ट्रैक पर दो टुकड़ों में मिला था। मृतक की पत्नी सुशीला ने रास्ते के पुराने विवाद को लेकर ग्राम प्रधान, पड़ोसियों और एक सजातीय युवक पर हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंकने का आरोप लगाया है। पत्नी के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले रविवार शाम रास्ते को लेकर कहासुनी हुई थी और जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। इस दौरान डायल 112 को सूचना दिए जाने की बात भी सामने आई है...दूसरी ओर, आरपीएफ इंस्पेक्टर संतोष कुमार के मुताबिक, लोको पायलट से मिले मेमो में मृतक के आत्महत्या के इरादे से रेलवे ट्रैक पर आने और ट्रेन के सामने कूदने की जानकारी दी गई है,ऐसे में घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए परिजनों के आरोपों और रेलवे की प्रारंभिक जानकारी का तथ्यों के आधार पर परीक्षण किया जाना जरूरी है।

 सीओ डलमऊ के नेतृत्व में संयुक्त जांच, हर पहलू पर पुलिस की निगाह 

मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ डलमऊ के नेतृत्व में ऊंचाहार और जगतपुर पुलिस की संयुक्त टीम पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची..पुलिस परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लेते हुए हर पहलुओं की जांच में जुटी है। तहरीर मिलने के बाद उसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर न्यायोचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एसडीएम विवेक राजपूत ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। इसी बीच पीडितो से सोमवार को भीम आर्मी के सदस्य और मंगलवार को बसपा कार्यकर्ताओं समेत अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य भी मौके पर पहुंचकर मृतक के परिजनो से मुलाक़ात की.... वही अब लगातार राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की इस सक्रियता के बाद मामला अब दूसरी ओर जातीय और राजनीतिक दृष्टिकोण से भी देखा जाने लगा है। परिजनों की न्याय की मांग के बीच स्थानीय स्तर पर इस बात की चर्चा है कि घटना की वास्तविक वजह सामने आने से पहले ही मामला राजनीतिक रंग लेता जा रहा है। राम गोपाल की मौत के मामले में पुलिस के सामने दोहरी चुनौती है। एक ओर परिजनों के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर घटना की वास्तविकता सामने लाना है, वहीं दूसरी ओर बढ़ती जातीय और राजनीतिक सक्रियता के बीच कानून-व्यवस्था तथा जांच की विश्वसनीयता बनाए रखना भी महत्वपूर्ण है। ऐसे संवेदनशील मामले में सीओ डलमऊ के नेतृत्व में पुलिस की जांच की भूमिका अहम हो गई है फिलहाल पुलिस की कार्यवाही का केंद्र आरोपों के बजाय साक्ष्य और घटनाक्रम की निष्पक्ष पड़ताल है।