नोएडा में एक ही रात 4 मौतों से सनसनी! दो युवक और दो युवतियों ने दी जान

नोएडा में एक ही रात 4 मौतों से सनसनी! दो युवक और दो युवतियों ने दी जान

उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बुधवार रात मानसिक तनाव के चलते चार लोगों द्वारा आत्महत्या किए जाने के दुखद मामले सामने आए हैं। मृतकों में दो युवक और दो युवतियां शामिल हैं। सूचना मिलने के बाद संबंधित थानों की पुलिस टीमों ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामलों की जांच शुरू कर दी है।

सेक्टर 63: चोटपुर कॉलोनी में युवक ने लगाया फंदा

थाना सेक्टर 63 क्षेत्र के अंतर्गत चोटपुर कॉलोनी में रहने वाले 40 वर्षीय पंकज सिंह ने मानसिक अवसाद के चलते अपने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी। थाना प्रभारी अमित काकरान ने बताया कि मृतक मूल रूप से झारखंड के गिरिडीह जिले के निवासी थे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर जांच शुरू कर दी है।

जेवर: 21 वर्षीय विवाहिता ने खाया जहरीला पदार्थ

थाना जेवर क्षेत्र के ग्राम दयानतपुर में 21 वर्षीय सविता कुमारी (पत्नी लव कुमार) ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने मदद की कोशिश की, लेकिन महिला की जान नहीं बचाई जा सकी। थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह के अनुसार, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।

बिसरख: 22 वर्षीय युवती ने उठाया आत्मघाती कदम

थाना बिसरख क्षेत्र में रहने वाली कुंवर साई की 22 वर्षीय पुत्री ने भी बीती रात अपने कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही बिसरख थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की।

नंद वाटिका: 33 वर्षीय अंकित ने भी की खुदकुशी

चौथी घटना में नंद वाटिका निवासी 33 वर्षीय अंकित ने मानसिक तनाव के चलते अपने आवास पर फांसी लगा ली। थाना प्रभारी विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने मौके का मुआयना किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा।