एक गाना बना अंकित बालियान की मौत की वजह, गोगी गैंग को खटकते थे ये बोल

एक गाना बना अंकित बालियान की मौत की वजह, गोगी गैंग को खटकते थे ये बोल

उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की दिनदहाड़े हुई हत्या के पीछे की मुख्य वजह उनका साढ़े तीन साल पुराना एक चर्चित गाना निकला। इस गाने के बोल थे—'कोर्ट में मारेंगे मेरी जान, जज को पसीना आएगा'।

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस गाने के बोल कुख्यात गोगी गैंग के गुर्गों को लगातार खटक रहे थे। उन्हें शक था कि अंकित विरोधी गैंग से सांठगांठ कर उन्हें धमकाने और डराने के मकसद से ऐसे गाने बना रहा था। इस विवाद को लेकर गाना रिलीज होने के तुरंत बाद अंकित को दिल्ली में धमकियां भी दी गई थीं। शामली के पुलिस अधीक्षक (SP) एनपी सिंह ने एनकाउंटर में दो शूटरों के ढेर होने के बाद इस पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश किया।

गोगी गैंग और 1 लाख के इनामी गोलू शाहपुरिया ने रची थी साजिश

एसपी एनपी सिंह के मुताबिक, हत्याकांड को अंजाम देने के लिए शूटरों को गोगी गैंग के 1 लाख रुपये के इनामी बदमाश गोलू शाहपुरिया ने भेजा था। रोहिणी कोर्ट में जितेंद्र गोगी की हत्या और तिहाड़ जेल में टिल्लू ताजपुरिया मर्डर के बाद तिहाड़ व करनाल जेल में बंद गैंग के मुख्य गुर्गे इस सिंडिकेट को चला रहे हैं, जिनके नीचे गोलू शाहपुरिया काम करता है।

साजिश के तहत बाहर से आए दो शूटरों को शामली में दो स्थानीय लड़कों से मिलने और मिलकर वारदात को अंजाम देने का टास्क दिया गया था। बुधवार को चारों बदमाशों ने अंकित के जिम से बाहर निकलने का इंतजार किया और बाहर आते ही चौतरफा घेरकर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। हत्याकांड के बाद कनाडा में बैठे गोलू के चचेरे भाई चिराग ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस हत्या की जिम्मेदारी ली थी।

करनाल से शामली पहुंचे शूटर, 15 कैमरों में कैद हुई मूवमेंट

पुलिस की तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि शूटर हरियाणा के करनाल से झिंझाना और बिडौली होते हुए शामली पहुंचे थे। करनाल से लेकर वारदात स्थल तक संदिग्ध शूटर करीब 15 अलग-अलग स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों में साफ दिखाई दिए। नाला पटरी पर अंकित बालियान की हत्या करने के बाद बदमाशों ने पकड़े जाने से बचने के लिए आने वाले रास्ते के बजाय नया रूट चुना। शामली, कैराना और पानीपत रूट से बचने के लिए वे दिल्ली रोड से बड़ौत-बागपत होते हुए आगे बढ़े।

गौरीपुर मोड़ से दो-दो के गुट में बंटे, सोनीपत और लोनी की ओर भागे बदमाश

बागपत के गौरीपुर मोड़ पर चारों शूटरों की लोकेशन एक साथ ट्रेस हुई, जिसके बाद वे पुलिस को चकमा देने के लिए दो अलग-अलग गुटों में बंट गए। एक बाइक पर सवार दो शूटर सोनीपत की ओर निकल गए, जबकि अन्य दो बदमाशों ने लोनी की दिशा पकड़ी। बदमाशों ने मुख्य राजमार्गों को छोड़कर वैकल्पिक और ग्रामीण रास्तों का इस्तेमाल किया, जिसके बाद पुलिस को सोनीपत में भी दो बदमाशों की लोकेशन मिली थी। पुलिस ने इन्हीं सुरागों के आधार पर घेराबंदी कर एनकाउंटर की कार्रवाई को अंजाम दिया।

Tags: