योगी दिखाएंगे हरी झंडी, नेपाल से सीधे वाराणसी पहुंचेगी ट्रेन! जानिए पूरा रूट

योगी दिखाएंगे हरी झंडी, नेपाल से सीधे वाराणसी पहुंचेगी ट्रेन! जानिए पूरा रूट

भारत-नेपाल सीमा पर रहने वाले लोगों का दो साल लंबा इंतजार आज खत्म हो रहा है। सीमावर्ती इलाके से सोमवार को विधिवत रेल सेवा की शुरुआत होने जा रही है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विशेष ट्रेन संख्या 05064 (नेपालगंज रोड-वाराणसी सिटी) को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

यह विशेष उद्घाटन ट्रेन दोपहर पौने तीन बजे नेपालगंज-रुपईडीहा स्टेशन से यात्रियों को लेकर अपने गंतव्य के लिए निकलेगी। कार्यक्रम में केंद्रीय रेलमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ेंगे, जबकि बहराइच सांसद डॉ. आनंद गोंड दोपहर 2 बजे नेपालगंज पहुंचने पर सीएम योगी का स्वागत करेंगे।

रोटी-बेटी और व्यापारिक रिश्तों को मिलेगी नई रफ्तार, ₹342 करोड़ में बना ट्रैक

इस रेल सेवा के बहाल होने से भारत और नेपाल के बीच सांस्कृतिक, व्यापारिक, पर्यटन और सामरिक रिश्तों को एक नया आयाम मिलेगा। भारत-नेपाल सीमा से लगे नेपालगंज रोड (रुपईडीहा) से बहराइच तक अमान परिवर्तन (गेज कन्वर्जन) का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। 10 दिसंबर 2024 से शुरू हुए इस प्रोजेक्ट पर करीब 342 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं, जिसके तहत 57 किलोमीटर लंबा ट्रैक, नए रेलवे स्टेशन और पुलों का निर्माण दो शिफ्टों में तेजी से कराया गया है। रेलवे की तकनीकी टीमों द्वारा गहन गुणवत्ता जांच के बाद ट्रैक को संचालन के लिए पूरी तरह हरी झंडी दे दी गई है।

नेपालगंज से यात्रियों का सफर रहेगा मुफ्त, 17 कोच की होगी स्पेशल ट्रेन

पूर्वोत्तर रेलवे (NER) के जनसंपर्क अधिकारी महेश कुमार के अनुसार, उद्घाटन स्पेशल ट्रेन में कुल 17 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें सामान्य, शयनयान (स्लीपर) और वातानुकूलित (AC) श्रेणी के डिब्बे शामिल हैं। इस ऐतिहासिक मौके पर नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन से यात्रा शुरू करने वाले मुसाफिरों को निशुल्क यात्रा की सौगात दी गई है। इसके लिए सुबह 10 बजे तक स्टेशन के टिकट काउंटर से व्यक्तिगत पहचान विवरण जमा करने पर विशेष टोकन वितरित किए गए। हालांकि, नानपारा, मटेरा, रिसिया और बहराइच जैसे आगे के स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को नियमित टिकट लेना अनिवार्य होगा।

बलरामपुर, तुलसीपुर, गोरखपुर होते हुए वाराणसी सिटी पहुंचेगी ट्रेन

यह ट्रेन सीमावर्ती जिलों के साथ-साथ तराई क्षेत्र के यात्रियों के लिए वाराणसी, बाबा विश्वनाथ और सारनाथ जैसे प्रमुख धार्मिक व पर्यटन स्थलों तक पहुंचने का सीधा और सुगम साधन बनेगी। ट्रेन 31 अगस्त को दोपहर 2:45 बजे नेपालगंज रोड से चलकर नानपारा, रिसिया, बहराइच, पयागपुर और गोंडा होते हुए शाम 6:22 बजे बलरामपुर तथा 6:57 बजे तुलसीपुर पहुंचेगी। इसके उपरांत यह बढ़नी, सिद्धार्थनगर, आनंदनगर, गोरखपुर, देवरिया, मऊ और औंड़िहार होते हुए अगले दिन तड़के 5:25 बजे वाराणसी सिटी स्टेशन पहुंचेगी, जिससे शिक्षा, व्यापार और चिकित्सा के लिए आने-जाने वाले हजारों लोगों को सीधी राहत मिलेगी।