रूस की घातक ओरेश्निक मिसाइल का तोड़! यूक्रेन ने बनाई स्पेस फोर्स
रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे लंबे और विनाशकारी युद्ध के बीच एक बेहद चौंकाने वाला और रणनीतिक मोड़ सामने आया है। यूक्रेनी रक्षा मंत्रालय और वहां की संसद (वर्खोव्ना राडा) ने एक ऐतिहासिक फैसले के तहत देश की अपनी 'स्पेस फोर्स' (Space Forces) यानी अंतरिक्ष सेना के गठन की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। संसद ने इस प्रस्ताव को पहले पठन (first reading) में भारी बहुमत से मंजूरी दे दी है। रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यूक्रेन का यह कदम रूस की उस अत्यंत घातक और बिना तोड़ वाली 'ओरेश्निक' (Oreshnik) हाइपरसोनिक बैलिस्टिक मिसाइल का मुकाबला करने और उसका काट ढूंढने की एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है। युद्ध के इस नए चरण में अब जंग सिर्फ जमीन और आसमान तक सीमित नहीं रही, बल्कि अंतरिक्ष (Space) की ऊंचाइयों तक पहुंच चुकी है।
क्या है रूस की 'ओरेश्निक' मिसाइल और क्यों इससे सहमा है यूक्रेन?
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा इस्तेमाल की गई नई 'ओरेश्निक' मध्यम दूरी की हाइपरसोनिक बैलिस्टिक मिसाइल ने पश्चिमी देशों और यूक्रेन की नींद उड़ा रखी है। यह मिसाइल इतनी तेज गति से वार करती है कि पारंपरिक एयर डिफेंस सिस्टम या पैट्रियट मिसाइलें भी इसे हवा में रोकने में नाकाम साबित हो रही हैं। इस मिसाइल की मारक क्षमता और अत्यधिक स्पीड के कारण यूक्रेन के पास इसके बचाव का कोई पुख्ता विकल्प नहीं बचा था। लगातार हो रहे इन मिसाइल हमलों से अपनी रक्षा करने और दुश्मन के हर कदम पर अंतरिक्ष से नजर रखने के लिए ही यूक्रेनी हुकूमत ने अब अंतरिक्ष आधारित रक्षा प्रणालियों (Space-based defense systems) की तरफ रुख किया है, ताकि इस आधुनिक खतरे से प्रभावी तरीके से निपटा जा सके।
संसद में मिली हरी झंडी, मिसाइल अर्ली-वार्मिंग सिस्टम और सैटेलाइट नेटवर्क पर होगा जोर
यूक्रेन की संसद वर्खोव्ना राडा में पेश किए गए इस नए बिल को 252 सांसदों का समर्थन मिला है। इस योजना के तहत यूक्रेन अपनी सेना के भीतर एक स्वतंत्र 'स्पेस फोर्स' की स्थापना करेगा। इस नए सैन्य विंग का मुख्य उद्देश्य दुश्मन देश द्वारा दागी जाने वाली मिसाइलों का समय रहते पता लगाने के लिए नेशनल अर्ली-वार्मिंग सिस्टम (Missile Early-Warning System) विकसित करना और सुरक्षित उपग्रह संचार (Secure Satellite Communications) नेटवर्क स्थापित करना है। इसके साथ ही यूक्रेन ऐसे अंतरिक्ष-आधारित इंटरसेप्टर हथियारों और तकनीकों पर भी काम कर रहा है जो वायुमंडल से बाहर ही यानी अंतरिक्ष में ही खतरनाक मिसाइलों को नष्ट करने की क्षमता रखते हों।
अंतरिक्ष तकनीक से आत्मनिर्भरता हासिल करने की कोशिश में जुटा यूक्रेन
इस पूरी सैन्य रणनीति का सबसे बड़ा मकसद पश्चिमी देशों पर यूक्रेन की निर्भरता को कम करना और खुद को खुफिया तंत्र व अंतरिक्ष आधारित रक्षा मामलों में आत्मनिर्भर बनाना है। अब तक यूक्रेन अपनी हर जरूरत के लिए पश्चिमी देशों के जासूसी उपग्रहों और खुफिया डेटा पर निर्भर रहा है, लेकिन बदलती युद्ध परिस्थितियों ने उसे खुद का मजबूत स्पेस इंफ्रास्ट्रक्चर खड़ा करने पर मजबूर कर दिया है। रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि यदि यूक्रेन अपनी इस स्पेस फोर्स के जरिए रूस की ओरेश्निक जैसी मिसाइलों के खिलाफ कोई पुख्ता रक्षा कवच तैयार करने में सफल रहता है, तो यह इस युद्ध का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हो सकता है।