अमेरिकी खुफिया एजेंसियों और डमी हेलीकॉप्टर से बिछाया गया घेरा

अमेरिकी खुफिया एजेंसियों और डमी हेलीकॉप्टर से बिछाया गया घेरा

मेक्सिको के सिनालोआ प्रांत के गुआसावे शहर में एफबीआई के टॉप 10 मोस्ट वांटेड सूची में शामिल खतरनाक ड्रग लॉर्ड फैउस्टो इसिड्रो मेजा फ्लोरेस उर्फ 'एल चापो इसिड्रो' की गिरफ्तारी के लिए मेक्सिकन सेना और नेशनल गार्ड ने एक रणनीति तैयार की। इसिड्रो एक दशक से अधिक समय से अमेरिकी और मेक्सिकन सुरक्षा एजेंसियों को चकमा दे रहा था और उसकी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही थी। अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी और इंटेलिजेंस टास्क फोर्स के साथ मिलकर बनाए गए मास्टरप्लान के तहत इसिड्रो के ठिकाने को चारों तरफ से घेरने के लिए उच्च तकनीक वाले सर्विलांस ड्रोन तैनात किए गए। अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने कार्टेल के लड़ाकों और उनके खुफिया तंत्र को भ्रमित करने के लिए फर्जी रेडियो संदेश प्रसारित किए और हवाई क्षेत्र में डमी हेलीकॉप्टर की आवाजाही दिखाकर असली रेड लोकेशन से उनका ध्यान भटका दिया।

इस गुप्त मिशन में आधुनिक सर्विलांस तकनीकों के साथ-साथ मानव आधारित खुफिया इनपुट का भी सहयोग लिया गया। जांचकर्ताओं ने इसिड्रो के करीबी पारिवारिक संपर्कों, विशेष रूप से उसकी मां और पत्नी के बीच हुए एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग पैटर्न और डिजिटल सिग्नलों को ट्रैक किया। इन मैसेजों के जरिए मिली लोकेशन डिटेल्स को अमेरिकी ड्रोन द्वारा रियल-टाइम में मेक्सिकन स्पेशल फोर्सेस के साथ साझा किया गया। जैसे ही पक्की खबर मिली कि इसिड्रो अपने सेकंड-इन-कमांड जर्मन और वित्तीय संचालक जोसे के साथ गुआसावे के एक सुरक्षित ठिकाने पर मौजूद है, मेक्सिकन सेना के विशेष कमांडो ने शुक्रवार रात इलाके में प्रवेश किया।

गुआसावे में सेना और कार्टेल लड़ाकों के बीच भीषण मुठभेड़

कमांडो दस्ते द्वारा सुरक्षा घेरा मजबूत करने के दौरान कार्टेल के हथियारबंद लड़ाकों को सुरक्षा बलों की मौजूदगी की भनक लग गई। ठिकाने को सुरक्षित करने पहुंचे सैनिकों पर कार्टेल के शूटरों ने अत्याधुनिक राइफलों और विस्फोटकों से गोलीबारी शुरू कर दी। जवाब में मेक्सिकन वायु सेना के हेलीकॉप्टरों ने रात के अंधेरे में मिनीगन से गोलीबारी कर जमीनी सैनिकों को कवर प्रदान किया। पूरे शहर में गोलियों की आवाजें गूंजने लगीं और गुआसावे के निवासियों को अपने घरों के अंदर रहने की सलाह दी गई। भारी गोलीबारी और हमलों के बावजूद विशेष बलों ने घर में प्रवेश किया और एफबीआई के मोस्ट वांटेड ड्रग माफिया एल चापो इसिड्रो को उसके दो मुख्य सहयोगियों के साथ पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद सिनालोआ में हिंसा की लहर फैल गई। इसिड्रो के प्रति निष्ठावान गिरोह के सदस्यों ने शहर से बाहर जाने वाले मुख्य मार्गों को अवरुद्ध करने के लिए वाहनों को आग के हवाले कर दिया और कम से कम 10 जगहों पर रोडब्लॉक खड़े कर दिए। भीषण सड़क संघर्षों और गोलाबारी के चलते सुरक्षा बलों के लिए गिरफ्तार ड्रग लॉर्ड को तुरंत शहर से बाहर ले जाना चुनौतीपूर्ण बन गया। कई घंटों तक चले बचाव अभियान के बाद शनिवार तड़के 4 बजे स्पेशल फोर्सेस की टीम कड़े सुरक्षा पहरे के बीच इसिड्रो को एयरक्राफ्ट के जरिए सीधे मेक्सिको सिटी ले जाने में सफल रही।

5 मिलियन डॉलर का इनामी और सिनालोआ का प्रमुख सरगना

फैउस्टो इसिड्रो मेजा फ्लोरेस मेक्सिको के उत्तरी-पश्चिमी क्षेत्र में सक्रिय बेलत्रान लेवा आपराधिक संगठन और सिनालोआ कार्टेल के 'लोस मायोस' गुट का एक प्रमुख रणनीतिक सहयोगी माना जाता है। अमेरिकी न्याय विभाग और एफबीआई ने उस पर हेरोइन, कोकीन, फेंटेनाइल और मेथामफेटामाइन जैसे घातक रसायनों और ड्रग्स की तस्करी के साथ-साथ अवैध हथियार रखने के कई आरोप लगाए थे। अमेरिकी सरकार ने उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने वाले को 5 मिलियन डॉलर (लगभग 42 करोड़ रुपये) का इनाम देने की घोषणा कर रखी थी।

मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शेनबाम के कार्यकाल के दौरान संगठित अपराध और ड्रग माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों में यह एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। मेक्सिकन सुरक्षा सचिव ओमर गार्सिया हार्फच ने कहा कि इसिड्रो की गिरफ्तारी सिनालोआ प्रांत में शांति स्थापित करने और अवैध ड्रग सिंडिकेट की कमर तोड़ने की दिशा में एक अहम कदम है। मेक्सिको सिटी की विशेष अदालत और जांच एजेंसियों के समक्ष इसिड्रो की औपचारिक पेशी कराई गई है और जल्द ही उसे अमेरिकी प्रत्यर्पण प्रक्रिया का सामना भी करना पड़ सकता है।