"वो जाग रहे होंगे..." जब डोनाल्ड ट्रंप ने सुबह तड़के PM मोदी को फोन लगाने की जिद की, अमेरिकी राजदूत ने खोला दोनों की दोस्ती का बड़ा राज
भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच की पर्सनल केमिस्ट्री कितनी खास है, इसका एक बेहद दिलचस्प और अनसुना वाकया सामने आया है. भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने दोनों वैश्विक नेताओं की दोस्ती का एक ऐसा किस्सा साझा किया है, जो इस समय चर्चा का विषय बना हुआ है.
राजदूत गोर के मुताबिक, राष्ट्रपति ट्रंप समय की परवाह किए बिना अचानक सुबह-सुबह ही पीएम मोदी से बात करने के लिए तैयार हो गए थे क्योंकि वे मानते हैं कि पीएम मोदी की कार्यशैली भी उन्हीं की तरह है.
'यूएस-इंडिया ट्रेड डील' पर बड़ी अपडेट, समझौता अंतिम चरण में
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने सोमवार (29 जून) को 'अमेरिका-भारत स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप फोरम' (USISPF) में हिस्सा लिया. इस मंच से उन्होंने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते (US-India Trade Deal) को लेकर चल रही अनिश्चितताओं पर विराम लगाते हुए बड़ी खुशखबरी दी. उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों देशों के बीच यह महत्वपूर्ण व्यापारिक समझौता अब अपने आखिरी चरण में है. इसी दौरान उन्होंने दोनों नेताओं के आपसी तालमेल का उदाहरण देते हुए मियामी की एक शाम का वाकया याद किया.
जब मियामी के इवेंट में ट्रंप बोले— 'अभी लगाओ मोदी को फोन'
राजदूत गोर ने बताया कि मियामी में आयोजित एक यूएफसी (UFC) इवेंट के दौरान वे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ मौजूद थे. तभी अचानक ट्रंप ने उनसे कहा कि वे पीएम नरेंद्र मोदी को फोन कनेक्ट करें. चूंकि दोनों देशों के टाइम ज़ोन में बड़ा अंतर है, इसलिए राजदूत गोर यह सुनकर हैरान रह गए.
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के शब्दों में: "मैंने राष्ट्रपति ट्रंप को टोकते हुए कहा कि सर, इस वक्त भारत में सुबह के 6 बज रहे होंगे. इस पर ट्रंप ने बेहद बेबाकी से मुस्कुराते हुए जवाब दिया— 'वह जरूर जाग गए होंगे. वह बिल्कुल मेरे जैसे ही हैं (यानी सुबह जल्दी उठकर काम में जुटने वाले).' हालांकि, कूटनीतिक प्रोटोकॉल के कारण वह कॉल अगले दिन के लिए शेड्यूल की गई."
'औपचारिकताओं से ऊपर है मोदी-ट्रंप का रिश्ता'
अमेरिकी राजदूत ने इस वाकये का विश्लेषण करते हुए कहा कि जब आप किसी के सच्चे दोस्त होते हैं, तो हर चीज पहले से तय (Pre-planned) नहीं होती. डोनाल्ड ट्रंप और पीएम मोदी के बीच का रिश्ता ऑफिशियल प्रोटोकॉल से कहीं ऊपर उठ चुका है.
गोर ने आगे कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत के साथ संबंधों में व्यक्तिगत रूप से दिलचस्पी लेते हैं. उनके पास अपने भारत दौरे की बेहद सुखद और खास यादें हैं, जिसका जिक्र वे आज भी अपनी बातचीत में अक्सर करते रहते हैं. अमेरिका पूरी प्रतिबद्धता के साथ भारत के साथ मिलकर काम करने का इच्छुक है.