चुपचाप बना लिया नया रास्ता, ईरान की नाक के नीचे से अमेरिका निकाल रहा है रोजाना करोड़ों बैरल तेल

चुपचाप बना लिया नया रास्ता, ईरान की नाक के नीचे से अमेरिका निकाल रहा है रोजाना करोड़ों बैरल तेल

ईरान और ओमान के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर चल रही कूटनीतिक कोशिशों के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा रणनीतिक कदम उठाया है। 

अमेरिकी फौज ने चुपचाप होर्मुज जलडमरूमध्य में एक नया और सुरक्षित शिपिंग कॉरिडोर तैयार कर लिया है, जिससे वैश्विक बाजार के लिए हर रोज लाखों बैरल तेल की आवाजाही सुचारू रूप से चल रही है। एक्सिओस की रिपोर्ट के अनुसार, इस गुप्त और प्रभावी सैन्य ऑपरेशन के जरिए दुनिया भर में ऊर्जा आपूर्ति की सबसे बड़ी समस्या और महंगाई के असर को काफी हद तक कम किया जा रहा है।

हर रात निकल रहे हैं 15 से 20 तेल टैंकर

इस अनोखे ऑपरेशन के तहत पिछले कई हफ्तों से हर रात 15 से 20 तेल टैंकर ओमान के तट के पास स्थित दक्षिणी चैनल से जलडमरूमध्य में प्रवेश कर रहे हैं और सुरक्षित बाहर निकल रहे हैं। इस रूट के जरिए रोजाना लगभग एक करोड़ बैरल तेल वैश्विक बाजार में भेजा जा रहा है, जो युद्ध से पहले की कुल तेल आपूर्ति का लगभग आधा हिस्सा है।

ट्रंप की सेना न केवल भरे हुए टैंकरों की सुरक्षा कर रही है, बल्कि खाली टैंकरों को भी अरब सागर से होर्मुज के रास्ते सुरक्षित खाड़ी के भीतर पहुंचा रही है, जिससे तेल आपूर्ति का यह चक्र लगातार सुचारू बना हुआ है।

अमेरिकी सेंट्रल कमांड की रणनीति और ईरान का सीमित रडार दायरा

यह पूरा ऑपरेशन अमेरिकी सेंट्रल कमांड के उस अभियान के बाद सफल हुआ है, जिसमें पिछले दो हफ्तों में ईरान के कई रडार और समुद्री निगरानी सिस्टम को भारी नुकसान पहुंचाया गया था। अमेरिकी वायुसेना के लड़ाकू विमान ईरानी ड्रोन्स और क्रूज मिसाइलों के खतरों से इन जहाजों की लगातार रक्षा कर रहे हैं। 

हाल ही में अमेरिकी बलों ने कई खतरनाक ड्रोन्स और क्रूज मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया है। अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि जलडमरूमध्य के दक्षिणी लेन पर पूरी तरह से उनका नियंत्रण है और ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स चाहकर भी इस कॉरिडोर को बाधित करने में असमर्थ साबित हो रही है।