किशोर ने मां और भाई को उतारा मौत के घाट, ChatGPT से खोजे हत्या के तरीके
अमेरिका के मैसाचुसेट्स से एक बेहद चौंकाने वाली और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक्टन में रहने वाले भारतीय मूल के 17 वर्षीय किशोर अर्जुन अरविंद पर अपनी 45 वर्षीय मां सुधा वेंकटेशन और 14 वर्षीय छोटे भाई सिद्धार्थ अरविंद की हत्या का आरोप लगा है।
अधिकारियों के मुताबिक, इस सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड को मंगलवार के दिन अंजाम दिया गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने से पहले आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल चैटजीपीटी (ChatGPT) का भी इस्तेमाल किया था।
पिता के फोन कॉल से हुआ खौफनाक वारदात का खुलासा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना का खुलासा तब हुआ जब अर्जुन के पिता अपने परिवार से संपर्क नहीं कर पा रहे थे। अनहोनी की आशंका के चलते उन्होंने पुलिस को सूचना दी। बोस्टन से करीब 48 किलोमीटर दूर एक्टन स्थित परिवार के मार्था लेन वाले घर पर जब पुलिस पहुंची, तो अंदर का नजारा खौफनाक था। पुलिस को 14 वर्षीय सिद्धार्थ का शव घर की पहली मंजिल पर मिला, जबकि मां सुधा का शव बेसमेंट (तहखाने) में पड़ा था। अधिकारियों ने अपने बयान में बताया कि शवों को देखकर स्पष्ट था कि उन्हें गहरे सदमे और चोटों का सामना करना पड़ा था।
मां की गाड़ी लेकर फरार हुआ आरोपी, लगे कई गंभीर आरोप
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अर्जुन अपनी मां की गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे बुधवार को हिरासत में ले लिया। अर्जुन पर हत्या के दो मामले, घरेलू या परिवार के सदस्य पर हमला और मारपीट के दो मामले, बिना अनुमति के वाहन का उपयोग और मोटर वाहन की चोरी जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। अब उसे लोवेल किशोर न्यायालय (Lowell Juvenile Court) में पेश किया जाएगा, जिसके बाद कॉनकॉर्ड जिला न्यायालय में मारपीट और अन्य संबंधित आरोपों पर सुनवाई होगी।
क्या हत्या की साजिश के लिए ChatGPT का हुआ इस्तेमाल?
इस मामले का सबसे हैरान करने वाला पहलू तकनीकी जांच में सामने आया है। अधिकारियों का मानना है कि एक्टन-बॉक्सबोरो रीजनल हाई स्कूल में पढ़ने वाले अर्जुन ने अपने परिवार को मौत के घाट उतारने के तरीकों के बारे में जानने के लिए ChatGPT का इस्तेमाल किया था। मिडलसेक्स जिला अटॉर्नी मैरियन रयान ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि अर्जुन पिछले कुछ समय से असामान्य और चिंताजनक व्यवहार कर रहा था। वह इंटरनेट और चैटजीपीटी का उपयोग करके ग्राफिक नॉवेल जैसी काल्पनिक कहानियां गढ़ रहा था। इन काल्पनिक पात्रों के जरिए वह अपने परिवार की हत्या से जुड़े सैद्धांतिक विचारों और तरीकों को खोज रहा था। फिलहाल इस एंगल से मामले की गहन जांच चल रही है।