ट्रंप का चुनावी मास्टरस्ट्रोक; हर अमेरिकी नागरिकों को देंगे 5,000 डॉलर, लेकिन रखी ये बड़ी शर्त
अमेरिकी राजनीति में 2026 के मध्यावधि चुनावों (Midterm Elections) की सरगर्मियों के बीच पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा राजनीतिक दांव खेला है।
डलास में आयोजित रिपब्लिकन पार्टी के मध्यावधि सम्मेलन में समर्थकों को संबोधित करते हुए ट्रंप ने घोषणा की कि यदि रिपब्लिकन पार्टी अमेरिकी संसद (कांग्रेस) के दोनों सदनों पर अपना नियंत्रण बरकरार रखती है, तो देश के प्रत्येक वयस्क नागरिक को 5,000 डॉलर (लगभग सवा चार लाख रुपये से अधिक) का राष्ट्रीय लाभांश दिया जाएगा। ट्रंप ने इस कदम को अपने कार्यकाल के दौरान अमेरिकी अर्थव्यवस्था की ऐतिहासिक मजबूती और भारी राजस्व वृद्धि का परिणाम बताया।
क्या है ट्रंप का पांच हजार डॉलर लाभांश फॉर्मूला
ट्रंप ने इस भुगतान की तुलना किसी मुनाफा कमाने वाली बहुराष्ट्रीय कंपनी द्वारा अपने शेयरधारकों को दिए जाने वाले डिविडेंड से की। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह लाभांश नवंबर में होने वाले चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स और सीनेट दोनों में जीत पर निर्भर करेगा। ट्रंप के अनुसार, देश अभूतपूर्व आर्थिक लाभ कमा रहा है और इसी आधार पर यह सीधी वित्तीय मदद नागरिकों तक पहुंचाई जा सकती है। इसके साथ ही उन्होंने यह संकेत भी दिया कि इस राशि का इस्तेमाल अमेरिका के भीतर ही खर्च करने के लिए होना चाहिए, ताकि घरेलू बाजार को गति मिले।
योजना पर खड़े होते सवाल
इस बड़ी घोषणा के बावजूद योजना के वित्तीय और कानूनी तंत्र पर संशय बना हुआ है। ट्रंप ने अपने संबोधन में यह स्पष्ट नहीं किया कि इस विशाल भुगतान के लिए बजट कहां से आएगा और वितरण की प्रक्रिया क्या होगी। अनुमानों के मुताबिक, यदि सभी पात्र वयस्कों को यह भुगतान किया जाता है तो सरकारी खजाने पर 1 ट्रिलियन डॉलर से अधिक का भारी वित्तीय बोझ पड़ेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि प्रत्यक्ष नकद वितरण के लिए अमेरिकी कांग्रेस से बाकायदा कानून पारित कराना अनिवार्य होगा, जिससे यह योजना फिलहाल एक नीतिगत कार्यक्रम से अधिक चुनावी वादे के रूप में देखी जा रही है।