"यूपी में तीसरी बार भाजपा सरकार बनी तो लागू कर देंगे UCC" लखनऊ में अमित शाह का एलान

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने के लिए भाजपा ने संगठनात्मक स्तर पर अपनी सक्रियता तेज कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने लखनऊ में पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन किया। उन्होंने डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय के सभागार में दीप प्रज्ज्वलित कर बैठक की शुरुआत की।
बैठक को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कार्यकर्ताओं में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए जोश भरते हुए लगातार तीसरी बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत नाराजगी और आकांक्षाओं को पीछे छोड़कर संगठन की मजबूती के लिए जुटने व आगामी विधानसभा चुनाव को अपना चुनाव मानकर पूरी ताकत लगाने का आह्वान किया। अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की निरर्थक बयानबाजी का जवाब भाजपा 2027 में अपनी सरकार बनाकर देगी।

वोट चोरी के आरोपों पर उन्होंने राहुल और अखिलेश को खुली चुनौती दी। अमित शाह ने कहा कि मैं राहुल गांधी और अखिलेश यादव को चुनौती देता हूं कि आइए संसद में वोट चोरी पर चर्चा करते हैं। विशेष सत्र का आयोजन करते हैं। हम जवाब देने को तैयार हैं, लेकिन ये लोग संसद में चर्चा नहीं करेंगे।

उन्होंने कहा कि मैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई देना चाहता हूं कि इनके नेतृत्व में सरकार ने कठोर शासन देकर यूपी को माफिया से मुक्त किया। अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में तो भाजपा अंगद का पैर है। उसे यहां से हिला कोई नहीं सकता है अमित शाह ने भाजपा उत्तर प्रदेश की टीम से कहा कि आप कमर कस लो। अर्जुन की तरह मछली की आंख पर नजर रखो,हमें सरकार बनानी है। शाह ने कहा कि 2014 में तो हमारे केवल 44 विधायक थे। उस समय तो बहुत निराशा थी,मैं तहसील तक गया। एक बार संगठन ठीक हो गया तो 2014 में यूपी में 41 प्रतिशत वोट के साथ लोकसभा की 73 सीट जीतीं। 2017 में नोटबंदी हुई थी तो अखिलेश यादव को रात भर नींद नहीं आई थी और हमने 40 प्रतिशत वोट लेकर 312 सीट जीती थीं।