महीने की पहली तारीख और आम आदमी को 5 बड़े झटके, जानिए 1 अगस्त से लागू हो रहे वो नियम, जिन्होंने उड़ा दी नींद
जुलाई का महीना खत्म होने जा रहा है और 1 अगस्त 2026 से कई महत्वपूर्ण वित्तीय बदलाव लागू होने वाले हैं। इन बदलावों का सीधा असर आम आदमी के मासिक बजट, रोजमर्रा के खर्चों और पैसों के लेनदेन पर पड़ सकता है।
हर महीने की तरह इस बार भी बैंकिंग, निवेश, टैक्स, रेलवे टिकट बुकिंग, एलपीजी सिलेंडर की कीमतों और अन्य जरूरी सेवाओं के नियमों में संशोधन होने जा रहा है। यदि आपको इन बदलावों की जानकारी समय रहते न हो, तो आपको अतिरिक्त शुल्क चुकाना पड़ सकता है या जरूरी कामों में असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। आइए जानते हैं कि 1 अगस्त 2026 से कौन-से बड़े वित्तीय बदलाव होने जा रहे हैं और इनका आपकी जेब पर क्या असर पड़ेगा।
1. रेलवे तत्काल टिकट बुकिंग के नियम बदले
1 अगस्त 2026 से भारतीय रेलवे ने तत्काल टिकट बुकिंग प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है। नए नियमों के मुताबिक अब टोकन देने का समय, तत्काल टिकट बुकिंग शुरू होने के समय के साथ ही तय किया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बदलाव का मुख्य उद्देश्य रिजर्वेशन काउंटरों पर लगने वाली भारी भीड़ को कम करना और यात्रियों के लिए टिकट बुक करना आसान बनाना है। पुरानी व्यवस्था में यात्रियों को टोकन लेने और फिर टिकट बुक कराने के लिए अलग-अलग समय पर काउंटर पर चक्कर काटने पड़ते थे, लेकिन नए सिस्टम से इस परेशानी से राहत मिलेगी और यात्रियों का कीमती समय बचेगा।
2. ITR फाइलिंग की डेडलाइन और जुर्माना
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ITR-1 और ITR-2 फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई थी। जिन करदाताओं ने इस डेडलाइन के भीतर अपना इनकम टैक्स रिटर्न फाइल नहीं किया है, उन्हें अब पेनाल्टी या जुर्माना भरना होगा। साथ ही, रिटर्न दाखिल करने में देरी होने पर कुछ विशेष टैक्स रिजीम को चुनने के विकल्पों पर भी रोक लग सकती है। हालांकि, जिन लोगों को ITR-3 और ITR-4 (बिना ऑडिट) भरना है, उनके लिए डेडलाइन 31 अगस्त 2026 है। वहीं, ऑडिट वाले मामलों में ITR-3 और ITR-4 की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 है, बिलेटेड रिटर्न की आखिरी तारीख 31 दिसंबर और रिवाइज्ड रिटर्न के लिए 31 मार्च 2027 तय की गई है, जबकि अपडेटेड रिटर्न 31 मार्च 2031 तक भरे जा सकते हैं।
3. क्रेडिट कार्ड और फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) के नियम
1 अगस्त से देश के कई प्रमुख बैंक अपने क्रेडिट कार्ड के नियमों में बदलाव करने जा रहे हैं। इसमें रिवॉर्ड पॉइंट्स, ट्रांजैक्शन चार्ज, एनुअल फीस और अन्य बैंकिंग सेवाओं से जुड़े नियम बदल सकते हैं। इसके अलावा, कई बैंक अपनी फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) की ब्याज दरों में भी संशोधन कर सकते हैं। यदि इस दौरान रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक में रेपो रेट को लेकर कोई नया निर्णय लिया जाता है, तो उसका सीधा असर आपके लोन की ईएमआई (EMI) और एफडी पर मिलने वाले रिटर्न दोनों पर देखने को मिल सकता है।
4. एलपीजी (LPG) सिलेंडर की कीमतें
वैश्विक स्तर पर तेल और गैस सप्लाई पर भू-राजनीतिक तनावों का असर लगातार बना हुआ है। मार्च के महीने में एलपीजी के दामों में 60 रुपये तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी, जिसके बाद जून में भी कमर्शियल गैस के दाम बढ़ाए गए थे और दिल्ली में घरेलू गैस का रेट 942 रुपये तक पहुंच गया था। परंपरा के अनुसार, हर महीने की पहली तारीख यानी 1 अगस्त 2026 को ऑयल मार्केटिंग कंपनियां एलपीजी सिलेंडर (घरेलू और कमर्शियल दोनों) के नए दाम जारी करेंगी। यदि कीमतों में बढ़ोतरी होती है तो रसोई का बजट बिगड़ सकता है, वहीं दाम घटने पर उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी।
5. आधार और CKYC सिस्टम में नया बदलाव
1 अगस्त से आधार कार्ड और कस्टमर वेरिफिकेशन से जुड़ा एक नया और आधुनिक सिस्टम लागू होने जा रहा है। अगस्त 2026 से देश के बैंक, इंश्योरेंस कंपनियां और एसेट मैनेजर्स एक कॉमन कस्टमर आइडेंटिफिकेशन सिस्टम की शुरुआत करने जा रहे हैं। इस नए सिस्टम को सेंट्रल नो योर कस्टमर 2.0 (CKYC) कहा जा रहा है। इसके तहत नया बैंक खाता खोलने या केवाईसी विवरण अपडेट करने के दौरान वित्तीय संस्थानों को सेंट्रल रजिस्ट्री से डेटा प्राप्त करने के लिए केवल ग्राहक की सहमति की आवश्यकता होगी। इससे बैंकिंग धोखाधड़ी को रोकने में काफी मदद मिलेगी।