चकमलिक भीटी में श्री फाउंडेशन का नि:शुल्क नेत्र शिविर आयोजित,मनोज द्विवेदी  और सुधा द्विवेदी ने लिया मरीजों का हाल

चकमलिक भीटी में श्री फाउंडेशन का नि:शुल्क नेत्र शिविर आयोजित,मनोज द्विवेदी और सुधा द्विवेदी ने लिया मरीजों का हाल

रायबरेली। ग्रामीण और जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार, 30 अक्टूबर को डलमऊ ब्लॉक की ग्राम सभा चकमलिक भीटी स्थित पंचायत भवन में श्री फाउंडेशन के तत्वावधान में विशाल नि:शुल्क नेत्र शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ सम्मानित ग्रामीणों और क्षेत्रीय लोगों की उपस्थिति में फीता काटकर किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी आंखों की जांच कराई और उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का लाभ उठाया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं वंचित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को समय पर नेत्र संबंधी जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना तथा आंखों की गंभीर बीमारियों और अंधत्व की रोकथाम के प्रति जागरूक करना रहा। शिविर में अनुभवी नेत्र विशेषज्ञों द्वारा मरीजों की आंखों की संपूर्ण जांच की गई। इसके साथ ही मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों की पहचान कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
आयोजकों की ओर से शिविर में जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क चश्मा और आंखों से संबंधित दवाइयां वितरित करने की व्यवस्था की गई। वहीं, मोतियाबिंद एवं अन्य जटिल नेत्र रोगों से पीड़ित मरीजों के ऑपरेशन के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को बेहतर उपचार मिल सके। शिविर में आए मरीजों से श्री फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना। साथ ही मरीजों को मिल रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी लेकर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
इस अवसर पर श्री फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं लालगंज निवासी मनोज द्विवेदी ‘दादा श्री’ ने कहा कि संस्था का हमेशा प्रयास रहा है कि समाज के जरूरतमंद, असहाय और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचें। आर्थिक अभाव के कारण किसी भी व्यक्ति को इलाज से वंचित न रहना पड़े, इसी उद्देश्य के साथ संस्था लगातार सामाजिक और जनसेवा के कार्यों में सक्रिय है।
वहीं, समाजसेविका एवं 182-सरेनी विधानसभा क्षेत्र की पूर्व प्रत्याशी सुधा द्विवेदी ने भी इस पहल को जनसेवा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाना बेहद जरूरी है। ऐसे शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को न केवल उपचार मिलता है, बल्कि समय रहते बीमारियों की पहचान भी संभव हो पाती है।
आयोजकों ने इस पुनीत कार्य में सहयोग देने वाले चिकित्सकों, चिकित्सा कर्मियों और संस्था के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। श्री फाउंडेशन परिवार ने कहा कि सेवा, सहयोग और समर्पण की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना ही संस्था का संकल्प है।